राजस्थान में युवक की हत्या के बाद भड़की हिंसा, 10 घरों को फूंका, भीड़ ने पुलिस पर किया पथराव

उदयपुर। बांसवाड़ा जिले के मोटा गांव थाना क्षेत्र के टामटिया गांव में पुरानी रंजिश को लेकर रविवार रात दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। विवाद के दौरान एक युवक की कुल्हाड़ी काट कर हत्या कर दी गई। युवक की मौत के बाद गुस्साए परिजनों ने आरोपी पक्ष के 10 घरों और बाड़ों में तोड़फोड़ कर आग लगा दी। हालात बिगड़ने पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम पर भी पथराव किया गया। स्थिति नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

जानकारी के अनुसार, टामटिया गांव में रात करीब 8 बजे पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। इस दौरान गोविंद पुत्र छगनलाल पर कुल्हाड़ी से हमला किया गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और समर्थक आक्रोशित हो उठे तथा आरोपी पक्ष के घरों और बाड़ों में आगजनी कर दी।

उग्र भीड़ ने किया पुलिस पर पथराव
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन उग्र भीड़ ने पुलिस दल पर पथराव कर दिया और पुलिसकर्मियों को घेरने का प्रयास किया। हालात बेकाबू होते देख जिला मुख्यालय से अतिरिक्त पुलिस जाप्ता बुलाया गया। बांसवाड़ा एसपी सुधीर जोशी मौके पर पहुंचकर हालात की निगरानी कर रहे हैं।

कलेक्टर डॉ. इंद्रजीत यादव ने बताया कि प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और गांव में शांति व्यवस्था कायम करने के प्रयास किए जा रहे हैं। एसडीएम मनसुख डामोर ने कहा कि प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश के चलते यह विवाद सामने आया है।

थानाधिकारी रमेश पाटीदार के अनुसार गांव में फिलहाल पुलिस बल तैनात है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। घटना के बाद गांव में तनाव बना हुआ है, लेकिन प्रशासन हालात को नियंत्रण में लेने में जुटा है।