जयपुर। राजस्थान में सर्दी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार शनिवार को राज्य के कई हिस्सों में सुबह के समय घना कोहरा दर्ज किया गया। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान फतेहपुर (सीकर) में 2.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जिससे शीतलहर जैसी स्थिति बनी रही।
सप्ताह तक मौसम शुष्क
मौसम विभाग के मुताबिक राज्य में आगामी एक सप्ताह तक मौसम शुष्क बना रहेगा। हालांकि अगले 2 से 3 दिनों के दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों में सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। इसके साथ ही न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे विशेषकर उत्तरी राजस्थान के क्षेत्रों में शीतलहर का प्रभाव बढ़ सकता है।
अधिकतम तापमान में गिरावट के आसार
मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में आगामी 48 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज होने की संभावना है। इस दौरान कहीं-कहीं शीत दिवस की स्थिति भी बन सकती है। ठंड के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए लोगों को सुबह-शाम आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी गई है।
यहां येलो अलर्ट जारी
वहीं दूसरी तरफ मौसम विभाग ने 4 जनवरी को अलवर, झुंझुनूं, करौली, खैरथल तिजारा, कोटा, कोटपुतली-बहरोड़, सवाईमाधोपुर, सीकर और चूरू में कहीं-कहीं शीतलहर और घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। 5 जनवरी को अलवर, खैरथल तिजारा, कोटपुतली-बहरोड़, सीकर और 6-7 जनवरी को अलवर, डीग, झुंझुनूं, खैरथल तिजारा, कोटपुतली-बहरोड़, सीकर और चूरू में शीतलहर का येलो अलर्ट जारी किया है।