नई दिल्ली: साउथ अफ्रीका के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया गया है. टीम की घोषणा के साथ ही तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी चर्चा में आ गए हैं क्योंकि एक बार फिर उन्हें टीम इंडिया में शामिल नहीं किया गया है. शमी फिलहाल रणजी ट्रॉफी में बंगाल के लिए खेल रहे हैं. बंगाल के लिए शमी ने दमदार गेंदबाजी भी की है, लेकिन इसके बावजूद टीम में उनको नहीं चुने जाने पर एक बड़ा प्रश्न उठ गया है.
शमी रणजी ट्रॉफी में खेले गए पिछले तीन मैच में 15 विकेट लिए हैं. उत्तराखंड के खिलाफ तो शमी ने मैच में 7 विकेट झटके थे. हालांकि, टीम में नहीं चुने जाने के पीछे सिर्फ उनकी बॉलिंग और प्रदर्शन नहीं, बल्कि टीम मैनेजमेंट की रणनीति भी है. इसके अलावा शमी ने मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर के बयान पर भी टिप्पणी की थी, जिसके कारण हो सकता है कि उन्हें नुकसान उठाना पड़ा है.
क्या है शमी और अगरकर का मामला?
अजीत अगरकर और मोहम्मद शमी के बीच मतभेद का मामला ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए टीम चयन के बाद सामने आया था. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे और टी20 सीरीज के लिए शमी को टीम इंडिया में शामिल नहीं किया गया था. इसके पीछे तर्क दिया गया कि शमी पूरी तरह से फिट नहीं हैं. ऐसे में फिटनेस पर सवाल उठने के बाद शमी ने भी प्रतिक्रिया दी.
रणजी ट्रॉफी मैच के बाद शमी ने मीडिया से बात करते हुए अगरकर के फिटनेस वाले बयान पर जवाब देते हुए कहा था कि, “अगर मैच में टेस्ट में पूरे दिन खेल सकता हूं और गेंदबाजी कर सकता हूं तो फिर वनडे में क्यों नहीं खेल सकता. आप देख ही रहे हैं मेरा फिटनेस कैसा है.” इसके अलावा अगरकर के फोन कॉल को लेकर भी शमी ने अपनी बात रखी थी.
2 साल से टेस्ट टीम में नहीं हैं शमी
बता दें कि मोहम्मद शमी लंबे समय से टेस्ट में शामिल नहीं किए गए. शमी आखिरी बार जून 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट मैच में मैदान पर उतरे थे. हालांकि, शमी वनडे और टी20 में खेलने का मौका जरूर मिला है. शमी वनडे में इसी साल के शुरुआत में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी में नजर आ आए थे. इसके अलावा इंग्लैंड के खिलाफ वह टी20 सीरीज में भी टीम का हिस्सा थे, लेकिन इसके बाद फिर उनकी भारतीय टीम में वपासी नहीं हो पाई है.