नए स्कैम से सरकार ने किया अलर्ट, अब OTP चुराकर बैंक अकाउंट खाली कर रहे स्कैमर्स

eSIM Mobile Fraud Alert: दुनियाभर में कई तरह के स्कैम किए जा रहे हैं. इन्हीं में से एक और फ्रॉड है eSIM फ्रॉड, शायद आप में से कई लोगों ने इसके बारे में सुना भी होगा, लेकिन अब इसे लेकर चेतावनी भी दे दी गई है. भारत सरकार के गृह मंत्रालय के तहत काम करने वाला Indian Cybercrime Coordination Centre (I4C) ने पूरे देशभर में मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने वाले यूजर्स को इस नए eSIM फ्रॉड को लेकर अलर्ट जारी किया है. इस नए स्कैम के तहत लोगों के बैंक अकाउंट से पैसे निकालने का काम किया जा रहा है, जिसके बारे में लंबे वक्त तक लोगों को पता भी नहीं चल पाता कि आखिर कैसे वह ठगी का शिकार हो गए हैं. चलिए जानते हैं कैसे किया जा रहा है ये स्कैम.

मोबाइल नंबर हाइजैक कर रहे ठग
eSIM के जरिए साइबर ठग लोगों का मोबाइल नंबर्स को निशाना बना रहे हैं. इस दौरान किसी के नंबर को हाइजैक किया जाता है. इसके बाद बैंकिंग डिटेल्स के लिए उस नंबर पर OTP लिया जाता है, जिसका इस्तेमाल कर फिर लाखों रुपये खाते में से चुरा लिए जाते हैं.

ऐसे एक्टिवेट करते हैं eSIM
I4C की रिपोर्ट के अनुसार, ठग सबसे पहले किसी व्यक्ति को फोन करते हैं और उसे एक eSIM एक्टिवेशन का लिंक भेजते हैं. ज्यादातर लोगों को इसकी जानकारी होने के कारण वह उस लिंक पर क्लिक भी कर देते हैं, और जैसे ही वह लिंक पर क्लिक करते हैं, उनका सिम कार्ड अपने आप eSIM में बदल जाता है. इसके बाद उस यूजर के फोन के नेटवर्क बंद हो जाते हैं और सारे कॉल और OTP सीधे ठगों के पास जाने लगते हैं. इसी तरीके से एक केस सामने आया है जिसमें करीब 4 लाख रुपये की ठगी हो चुकी है.

पीड़ित को नहीं लग पाती जानकारी
जैसे ही ठग किसी का मोबाइल नंबर eSIM में शिफ्ट करते हैं, वह तुरंत उस शख्स के बैंक अकाउंट से पैसे निकालने की कोशिश करते हैं. बैंक जब ट्रांजैक्शन के लिए OTP भेजता है तो वो सीधे ठगों के पास चला जाता है, क्योंकि eSIM कार्ड एक्टिवेट होने के बाद असली यूजर के फोन में उस वक्त नेटवर्क ही नहीं होता. दूसरी ओर इस दौरान पीड़ित को पता ही नहीं चल पाता कि उसके बैंक अकाउंट के साथ कोई छेड़छाड़ की जा रही है, क्योंकि फोन में नेटवर्क ही नहीं होते, जिस वजह से उसके पास बैंक ट्रांजैक्शन का मैसेज ही नहीं पहुंच पाता.

एजेंसी ने दी चेतावनी
एजेंसी ने आम लोगों को अलर्ट करते हुए कहा है कि अगर कोई अनजान कॉल आए या मैसेज में कोई लिंक दिखे तो उस पर भरोसा मत करो, ये फर्जी हो सकता है. अगर तुम्हें eSIM में नंबर बदलना है तो सिर्फ मोबाइल चैनल के पास जाकर ही ये प्रोसेस खुद करवाएं. इसके अलावा अगर अचानक आपके फोन के नेटवर्क चले जाएं तो समझो कुछ गड़बड़ है, लेकिन अपने बैंक और टेलीकॉम कंपनी को इसकी जानकारी दें, ताकि किसी भी नुकसान को रोका जा सके. हाल ही में DoT के Financial Fraud Risk Indicator (FRI) ने लगभग 3–4 लाख ऐसे सिम कार्ड बंद कर दिए हैं जो ठगी के लिए इस्तेमाल हो रहे थे.