मोबाइल में दिखें ये 5 अजीब हरकतें, समझ जाएं हो गया हैक, फटाक से करें चेक

5 Signs Your Smartphone Is Hacked: टेक्नोलॉजी के इस दौर में हमारा स्मार्टफोन सिर्फ बात करने का डिवाइस नहीं है बल्कि एक मिनी कंप्यूटर, फाइनेंशियल साथी और कैमरा बन चुका है. हमारे पर्सनल डेटा, जरूरी चीजें, सोशल मीडिया अकाउंट और बैंक ऐप्स की वजह से हैकर्स की नजर हमेशा बनी रहती है. इंटरनेट से कनेक्ट होने के बाद आप हैकर्स को पूरी तरह दूर नहीं कर सकते, लेकिन अगर आप समय रहते जान जाएं कि आपका फोन हैक हुआ है या नहीं, तो आप खुद को बड़े खतरे से बचा सकते हैं. यहां हम आपको उन पांच खतरे के संकेतों के बारे में बता रहे हैं, जो बताते हैं कि आपका फोन हैक हो सकता है.

कैसे चेक करें फोन हैक हुआ है या नहीं?
बैटरी तेजी से खत्म होना या ओवरहीट होना
अगर आपके फोन की बैटरी नॉर्मल के बजाय तेजी से कम हो रही है और फोन ओवरहीट कर रहा है, तो संभावना है कि कोई स्पाईवेयर या मैलवेयर बैकग्राउंड में लगातार एक्टिव है. यह स्पाईवेयर डेटा भेजने और प्राप्त करने का काम लगातार करता रहता है, जिससे बैटरी तेजी से खत्म होती है. बैटरी सेटिंग में जाकर देखें कि कोई अंजान ऐप तो बहुत ज्यादा पावर की खपत नहीं कर रही.

डाटा की खपत और नेटवर्क एक्टिविटी
हैकर्स अक्सर रिमोट एक्सेस टूल के जरिए फोन को हैक करने की कोशिश करते हैं. फोन की सेटिंग में जाकर डाटा की खपत को मॉनिटर करें. अगर आपको कोई ऐसी अंजान ऐप दिखे जो लगातार डाटा का यूज कर रही है, जिसकी आपको जानकारी नहीं है तो यह हैक होने का एक क्लियर संकेत हो सकता है.

अजीब पॉप-अप या सेटिंग में बदलाव
अगर आपको ब्राउजर पर अजीब पॉप-अप दिखते हैं या आपकी जानकारी के बिना ही कुछ एडवेयर या खतरनाक सॉफ्टवेयर फोन में इंस्टॉल हो गए हैं, तो यह खतरे का संकेत है. चेक करें कि फोन की परमिशन में अचानक कोई चेंज तो नहीं हुआ है या सेटिंग्स में कोई अनजान बदलाव तो नहीं किया गया है.

फोन का स्लो होना या अचानक रीस्टार्ट होना

यदि आपका स्मार्टफोन बहुत स्लो हो गया है, बार-बार रीस्टार्ट हो रहा है या ऐप्स अजीब तरीके से रुक रहे हैं तो यह मैलवेयर की वजह से हो सकता है. मैलवेयर या हैकर की एक्टिविटी फोन की मेमोरी और CPU पर ज्यादा दबाव डाल सकती है. खास तौर पर कोई नया ऐप इंस्टॉल करने के बाद ऐसे बदलावों पर जरूर ध्यान दें.

संदिग्ध एक्टिविटी
हैकर आपके फोन का इस्तेमाल मैलवेयर फैलाने या आपके अकाउंट तक पहुंचने के लिए कर सकते हैं. चेक करें कि आपके नंबर से किसी को कोई अंजान मैसेज या कॉल तो नहीं हुआ है या फिर आपके ईमेल या सोशल मीडिया अकाउंट पर अंजान जगहों से लॉगिन एक्टिविटी तो नहीं हुई है.