CERT-In Microsoft Office Alert: डिजिटल दुनिया में एक बार फिर बड़ा साइबर खतरा सामने आया है. इस बार साइबर अटैक करने वाले लोगों के निशान पर हैं कंप्यूटर या लैपटॉप में Word, Excel या PowerPoint करने वाले लोग. साइबर अटैक का खतरा देखते हुए भारत सरकार ने माइक्रोसॉफ्ट ऑफिस का इस्तेमाल करने वाले लोगों के लिए बड़ी चेतावनी जारी की है. भारत सरकार की साइबर सुरक्षा एजेंसी CERT-In ने साइबर हममे को लेकर चेतावनी जारी की है.
भारत सरकार की साइबर सुरक्षा एजेंसी CERT-In ने माइक्रोसॉफ्ट सॉफ्टवेयर में एक ऐसी बड़ी कमजोरी पाई है, जिसके जरिए हैकर्स आपके कंप्यूटर या लैपटॉप में बिना आपकी मर्जी के घुस सकते हैं. इससे आपके सिस्टम पर हैकर्स का पूरा कंट्रोल हो सकता है, इसको लेकर सरकार ने अलर्ट जारी किया है. अगर आप भी इस बड़े साइबर हमले का शिकार नहीं होना चाहते हैं, तो तुरंत सावधान हो जाएं. आइए आपको बताते हैं कि सरकार ने इस खतरे से बचने के लिए तुरंत क्या करने की सलाह दी है…
अगर आप भी अपने कंप्यूटर या लैपटॉप में वर्ड, एक्सेल या पॉवरपॉइंट (Microsoft Office) का इस्तेमाल करते हैं, तो सावधान हो जाइए. भारत सरकार ने करोड़ों माइक्रोसॉफ्ट यूजर्स के लिए एक बेहद गंभीर ‘हाई रिस्क’ (High Risk) अलर्ट जारी किया है. सरकार की साइबर सुरक्षा एजेंसी CERT-In (इंडियन कंप्यूटर इमरजेंसी रिस्पांस टीम) के मुताबिक, माइक्रोसॉफ्ट ऑफिस में एक बड़ा सुरक्षा लूपहोल (कमजोरी) पाया गया है, जिसका फायदा उठाकर हैकर्स आपके डिवाइस में सेंध लगा सकते हैं.
क्यों खतरनाक है यह खराबी?
CERT-In की एडवाइजरी के मुताबिक यह खामी माइक्रोसॉफ्ट ऑफिस द्वारा कुछ खास तरह के डेटा को प्रोसेस करने के तरीके में सामने आई है. साइबर क्रिमिनल्स इन खामी का फायदा उठाने के लिए आपके पास एक खास तरह की फाइल या कंटेंट भेज सकते हैं. जैसे ही आप उस कंटेंट पर क्लिक करेंगे, हैकर्स को आपके कंप्यूटर या लैपटॉप तक पहुंचने की परमिशन मिल जाएगी और आफकी सभी फाइल्स, ऐप्स और पर्सनल डेटा को कंट्रोल कर लेंगे.
हैकर्स क्या नुकसान पहुंचा सकते हैं?
अगर हैकर्स इस खामी को भुनाने में सफल हो गए, तो अंजाम बहुत ही खतरनाक हो सकता है-
आपकी पर्सनल और प्राइवेट बिजनेस फाइल्स चोरी हो सकती हैं.
आपके कंप्यूटर में खतरनाक मैलवेयर या वायरल डाले जा सकते हैं.
आपकी परमिशन के बिना आपके कंप्यूटर या लैपटॉप से कोई भी काम डेटा डिलीट करना या पैसे ट्रांसफर करना किया जा सकता है.
करोड़ों यूजर्स निशाने पर
स्कूल के प्रोजेक्ट्स, ऑफिस की फाइल्स से लेकर सरकारी दस्तावेजों और बड़े फाइनेंशियल रिकॉर्ड्स तक के लिए आज भी करोड़ों लोग माइक्रोसॉफ्ट ऑफिस का इस्तेमाल करते हैं. यूजर्स की इतनी बड़ी संख्या होने के कारण ही हैकर्स के लिए यह सबसे पसंदीदा टारगेट बन गया है, जिससे वे एक साथ लाखों लोगों को अपना शिकार बना सकें.
बचने के लिए तुरंत क्या करें?
सरकार की एजेंसी ने सभी यूजर्स से अपील की है कि वे बिना देरी किए अपने माइक्रोसॉफ्ट ऑफिस को तुरंत लेटेस्ट सिक्योरिटी अपडेट के साथ अपडेट करें. इस खतरे से बचने का यही एकमात्र और सबसे सही तरीका है.
साइबर एक्सपर्ट्स के अनुसार, ऐसी कमियों को रिमोट कोड एग्जीक्यूशन कहते हैं. यह बहुत ही खतरनाक मानी जाती है, क्योंकि इससे हैकर्स को आपके सिस्टम का पूरा रिमोट कंट्रोल मिल जाता है. इसलिए अपने कंप्यूटर में ऑटोमैटिक अपडेट हमेशा ऑन रखें, एंटीवायरस को अपडेटे करते रहें और अपने जरूरी डेटा का बैकअप लेते रहें.