फिर संकट में घिरा Telegram! सरकार ने थमाया 15 दिन का अल्टीमेटम, नहीं माने तो बढ़ सकती है मुश्किल

Government notice to Telegram: भारत में टेलीग्राम का संकट खत्म होने का नाम ही नहीं ले रहा है. NEET री-एग्जाम से पहले भारत में बैन हुए ऐप टेलीग्राम को एक बार फिर से सरकार ने नोटिस थमाया है. फ्री में नई फिल्में देखनी हो, नई वेब सीरीज डाउनलोड करनी हो या फिर कोई बड़ी फाइल शेयर करनी हो… ज्यादातर लोग पहले टेलीग्राम का ही सहारा लेते हैं. लेकिन अब इसी कारण से टेलीग्राम एक बड़ी मुसीबत में फंस गया है. भारत सरकार ने इस पॉपुलर मैसेजिंग ऐप की मनमानी पर नकेल कसते हुए इसे सीधे 15 दिनों का अल्टीमेटम थमा दिया है.

फिल्मों की अवैध पाइरेसी से लेकर NEET परीक्षा में धांधली तक, कई गंभीर मामलों को लेकर केंद्र सरकार ने टेलीग्राम के खिलाफ सख्त कदम उठाए हैं. सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय और आईटी मंत्रालय ने ऐप को लेकर दो बड़े एक्शन लिए हैं.

फिल्मों की पाइरेसी पर 15 दिन का अल्टीमेटम
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, टेलीग्राम पर फिल्मों और OTT कंटेंट की धड़ल्ले से हो रही अवैध शेयरिंग यानी पाइरेसी को लेकर सरकार ने ऐप को नोटिस भेजा है. सरकार ने टेलीग्राम को अपने डिजिटल सेफ्टी फिल्टर्स को पूरी तरह सुधारने के लिए 15 दिनों का समय दिया है. टेलीग्राम को 15 दिन के अंदर एक एक्शन टेकन रिपोर्ट सरकार को सौंपनी होगी, रिपोर्ट में यह बताना होगा कि वह अपने प्लेटफॉर्म पर पाइरेसी रोकने के लिए क्या कदम उठा रहा है.

सरकार का कहना है कि यह कदम देश की क्रिएटिव इकोनॉमी, फिल्म इंडस्ट्री, ब्रॉडकास्टर्स और OTT प्लेटफॉर्म्स के नुकसान को बचाने के लिए लिया गया है.

NEET-UG परीक्षा के चलते ऐप पर लगी थी पाबंदी
इससे पहले, 21 जून को हुई NEET-UG 2026 की री-इग्जाम के दौरान छात्रों को चीटिंग रैकेट से बचाने के लिए सरकार ने टेलीग्राम पर अस्थायी प्रतिबंध भी लगाया था. MeitY ने IT एक्ट की धारा 69A के तहत 16 जून से 22 जून तक टेलीग्राम के एक्सेस को सीमित कर दिया था. NTA की शिकायत पर सरकार ने टेलीग्राम को 30 जून तक भारत में अपना मैसेज एडिटिंग फीचर बंद रखने का आदेश दिया था. आरोप था कि चीटिंग रैकेट पुराने पोस्ट को एडिट करके उसमें पेपर लीक के फर्जी सबूत प्लांट कर रहे थे.

भारत में टेलीग्राम के करोड़ों यूजर्स हैं, लेकिन पाइरेसी और प्राइवेसी के दुरुपयोग को लेकर ऐप लगातार विवादों में रहता है. अब देखना यह होगा कि टेलीग्राम सरकार के इस 15 दिन के अल्टीमेटम पर क्या जवाब देता है.