यूपी पुलिस ने 4 घंटे में बरामद किया लंदन एनआरआई का सामान, बैग में थे 1 करोड़ के गहने

UP police recovered London NRI's belongings in 4 hours, the bag contained jewelry worth 1 crore
UP police recovered London NRI's belongings in 4 hours, the bag contained jewelry worth 1 crore
इस खबर को शेयर करें

ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश के जिला गौतमबुद्ध नगर पुलिस का एक सराहनीय कार्य सामने आया है। ग्रेटर नोएडा के थाना बिसरख पुलिस ने करीब 1 करोड़ रुपये का सामान से भरा कीमती बैग एक एनआरआई को लौटाया। अपना कीमती सामान से भरा बैग वापस मिलने के बाद एनआरआई ने पुलिस टीम का आभार जताया है। थाना बिसरख प्रभारी अनिल राजपूत ने गौतमबुद्ध नगर पुलिस के लिए एक मिसाल कायम की है।

लंदन में रहने वाले निखिलेश कुमार सिन्हा अपने परिवार के साथ ग्रेटर नोएडा वेस्ट के टेक जोन-4 स्थित समृद्धि ग्रैंड एवेन्यू आम्रपाली ग्रीन वैली में किराये पर रहते हैं। अपनी बेटी की शादी के लिए ग्रेटर नोएडा आए थे और अपने सामान सहित गौर सरोवर पोर्टिको होटल गौर सिटी-1 पहुंचे तो उनसे अपना एक बैग, जिसमें शादी के गहने आदि थे। वह उबर टैक्सी में छूट गया है। जिसके बाद जिस नंबर से उबर टैक्सी बुकिंग की थी। उस नंबर पर फोन किया तो वह नंबर गुरुग्राम हेड ऑफिस में मिला, लेकिन वहां से किसी प्रकार की मदद नहीं मिली। इसके बाद निखिलेश ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

ग्रेटर नोएडा के थाना बिसरख प्रभारी अनिल राजपूत ने बताया कि इस मामले की जानकारी मिलते ही तत्काल अपने नेतृत्व में एक टीम का गठन किया। इसके बाद उबर कैब के रजिस्ट्रेशन नम्बर की जांच करते हुए पता ट्रेस करने के लिए उबर ऐप के गुरुग्राम कार्यालय पर जाकर कैब की लाइव लोकेशन प्राप्त की। इसके बाद गाजियाबाद के लालकुआं से उबर कैब और चालक को पकड़ा गया। पुलिस की टीम ने उबर कैब और चालक को बिसरख थाना लेकर आई। पुलिस ने कैब चालक से पूछताछ की तो चालक द्वारा बताया गया कि बैग पीछे डिग्गी में रखा हुआ था। मुझे जानकारी नहीं थी। बैग में ताला लगा हुआ था। जिसके बाद पुलिस ने निखिलेश और उसके परिजनों के सामने बैग खोला गया तो समस्त गहने, जिनकी कीमत लगभग 1 करोड़ रुपये है, बैग में सुरक्षित मिले। जिनको निखिलेश कुमार सिन्हा के सुपुर्द किया गया।

वहीं, एनआरआई निखिलेश कुमार सिन्हा को पुलिस द्वारा बैग मिलने के बाद उन्होंने कहा कि महज 4 घण्टे के अंदर ही पुलिस ने मुझे मेरा सकुशल बैग वापस दिलवा दिया। अभी तक मैंने प्रदेश में योगी आदित्यनाथ की पुलिसिंग व्यवस्था के बारे में सुना था, लेकिन मैंने आज अपनी आंखों से यूपी की कानून व्यवस्था देख ली है। मैं नोएडा पुलिस, थाना बिसरख प्रभारी अनिल राजपूत और उनकी टीम का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं और लंदन जाकर उत्तर प्रदेश पुलिस व नोएडा पुलिस की इस बेहतरीन कार्य को बताऊंगा।