उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में रविवार को एक बड़ा हादसा हो गया. यहां एक पेट्रोल पंप के पास पोल लगाया जा रहा था लेकिन तभी अचानक वो चलती कार पर गिर गया. इस हादसे में समाजवादी पार्टी के नेता लाल बहादुर यादव की मौत हो गई. सपा नेता किसी निजी काम से बाबूगंज से प्रतापगढ़ की ओर जा रहे थे, तभी रास्ते में ये हादसा हो गया.
ये घटना अमेठी-प्रतापगढ़ हाइवे पर हुई, जहां अंतू थाना क्षेत्र अंतर्गत बाबूगंज बाजार में रहने वाले सपा नेता लाल बहादुर यादव अपनी क्रेटा कार से शहर की तरफ जा रहे थे. इसी दौरान बाबूगंज में स्थित भारत पेट्रोल पंप के सामने 65 फीट ऊंचा हाईमास्ट लाइट के पोल को क्रेन की मदद से खड़ा किया जा रहा था लेकिन तभी अचानक पोल बोर्ड असंतुलित हो गया और नीचे से गुज़र रही सपा नेता की कार पर जा गिरा.
सपा नेता की कार पर गिरा खंबा
जानकारी के मुताबिक इस पोलबोर्ड का वजन क़रीब 40 क्विंटल तक था. खंबा लगाते समय अचानक क्रेन का पट्टा टूट गया था, जिसकी वजह ये भारी-भरकम खंबा सीधे सड़क पर कार से जा रहे सपा नेता पर जा गिरा, जिससे उनका कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. इस घटना के बाद आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर भारी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए.
घटना के बाद स्थानीय लोगों में गुस्सा
स्थानीय लोगों ने कार का दरवाजा तोड़कर किसी तरह सपा नेता को बाहर निकाला और उन्हें तत्काल अस्पताल ले गए लेकिन तब तक देर हो गई थी, डॉक्टरों ने सपा नेता को मृत घोषित कर दिया. इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश देखने को मिल रहा है. पुलिस ने इस घटना की शिकायत दर्ज कर ली है और लापरवाही कैसे हुई इसकी जांच की जा रही है.
सपा नेता लाल बहादुर यादव पीडब्ल्यूडी में ठेकेदारी का काम करते थे, वो दो बार पंचायत का चुनाव भी लड़ चुके हैं हालांकि इन चुनावों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा. ये हादसा उनके घर से महज 500 मीटर की दूरी पर हुआ.