मणिमहेश यात्रा पर हिमाचल गया UP के युवाओं का जत्था आपदा का शिकार, एक श्रद्धालु की मौत, तीन लापता

गंगोह- सहारनपुर। हिमाचल प्रदेश में श्री मणिमहेश यात्रा (Manimahesh Yatra) पर निकले जिले के श्रद्धालुओं का जत्था आपदा का शिकार हो गया। हादसे में एक श्रद्धालु की मौत हो गई और तीन लापता हैं। छह श्रद्धालु अभी मौसम ठीक होने का इंतजार कर रहे हैं।

बीस अगस्त को हुए थे रवाना
गंगोह से बीस अगस्त को श्रद्धालुओं का एक जत्था हिमाचल प्रदेश में मणि महेश दर्शन के लिए गया था, जिसमें सागर भटनागर, शैंकी प्रजापति, आवेश कश्यप, उमंग गर्ग, राकेश भटनागर, राजू भटनागर, अमित भटनागर, सन्नी चौधरी, मोहित कश्यप, अमन गर्ग सहित कुल दस युवक शामिल थे। बताया गया कि यह युवा दो दिन पूर्व मणि महेश की चढ़ाई कर दर्शन कर लौट रहे थे।

अचानक सैलाब आने से सभी बह गए

रास्ते में अचानक ऊपर से सैलाब आने से उसमें यह सभी बह गए। छह युवक तो सकुशल बच गए, लेकिन चार लापता हो गए। मौसम की खराबी के कारण उस क्षेत्र की बिजली-पानी की सप्लाई पूरी तरह ठप हो गई। इस कारण यहां से गए श्रद्धालुओं के फोन भी ठप हो गए जिस कारण उनका संपर्क टूट गया। लापता युवकों को तलाश करते समय उन्हें सागर भटनागर की मौत की जानकारी मिली।

उन लोगों में से एक ने किसी स्थानीय व्यक्ति से फोन लेकर बुधवार को गंगोह स्वजन को हादसे की जानकारी दी। इसके बाद सागर भटनागर के घर कोहराम मच गया। स्वजन इस समय कुछ भी बता नहीं पा रहे हैं। लापता लोगों की तलाश की जा रही है। क्षेत्र के लोग श्रद्धालुओं की कुशलता के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।

13400 फीट की ऊंचाई पर है मणिमहेश
हिमाचल प्रदेश में श्री मणिमहेश की यात्रा को ऊंचे-ऊंचे पहाड़ों से दुर्गम मार्ग जाता है। भगवान शिव के दर्शनों की भावना लिए श्रद्धालु इस यात्रा पर जाते हैं। यात्रा पर जा चुके श्रद्धालुओं का कहना है कि यहां बहुत जल्दी मौसम बदलता रहता है। इसकी ऊंचाई 13400 फीट है।

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.