यूपी में 530 करोड़ की लागत से बिछेगी नई रेल लाइन, लखनऊ से सीधा कनेक्शन

बहराइच। बहराइच से लखनऊ रेल लाइन बिछने की उम्मीद डीपारआर तैयार होने से और बढ़ गई है। सब कुछ सही रहा तो दो वर्ष में कार्य पूरा कर लिया जाएगा। इसके लिए रेल मंत्रालय की ओर से डीपीआर तैयार कर बजट को मंजूरी दी गई है। जरवलरोड-बहराइच रेल मार्ग बनने से कम खर्च में लोग राजधानी की यात्रा कर सकेंगे।

प्रदेश की राजधानी लखनऊ से बहराइच रेल सेवा से अलग है। इसके लिए जिले के लोगों ने जरवलरोड-बहराइच रेल लाइन के निर्माण की मांग को लेकर आवाज उठाई। इसका परिणाम अब दिखने लगा है। रेलवे की ओर से जिला मुख्यालय से 56 किलोमीटर दूर बसे जरवलरोड रेलवे स्टेशन से जोड़कर बाराबंकी और लखनऊ की यात्रा करवाई जाएगी।

इसके लिए डेढ़ वर्ष पूर्व रेलवे विभाग की ओर से सर्वे करवाया गया। इसके बाद इसके लिए डीपीआर तैयार की गई है। इसकी घोषणा रेल मंत्री ने संसद में स्वयं किया है, इससे जिले के लोगों में खुशी है। डीपीआर के अनुसार, जरवलरोड से बहराइच के बीच तीन रेलवे स्टेशन व एक हाल्ट स्टेशन का निर्माण करवाया जाएगा।

इसके अलावा पुल और पुलिया का निर्माण होगा। जिस पर 530 करोड़ रुपये का खर्च आएगा। लगभग दो वर्ष में कार्य पूरा होने की उम्मीद है, हालांकि जमीन अधिग्रहण की कार्रवाई के बाद ही रेलवे लाइन का निर्माण हो सकेगा। बहराइच के अलावा श्रावस्ती, बलरामपुर, गोंडा व नेपाल के यात्री भी कम खर्च में लखनऊ की यात्रा कर सकेंगे।