मुजफ्फरनगर। Muzaffarnagar News: जिले के चार हजार या उससे अधिक आबादी वाले गांवों को रोडवेज बसों से जोड़ा जाएगा। फिलहाल 15 गांवों का चयन रोडवेज बसें चलाने के लिए किया गया है, प्रस्ताव भेज दिया है।
चार हजार से ज्यादा आबादी वाले गांवों तक परिवहन निगम की रोडवेज बस सेवा पहुंचाने की कवायद शुरू की गई है। फिलहाल निगम अधिकारियों ने जिले के देहात क्षेत्र में बस सेवा चलाने के लिए 15 गांवों को चिह्नित किया है। इन गांवों में रोडवेज बस चलाने के लिए परिवहन अधिकारियों ने विभागीय वरिष्ठ अधिकारियों को प्रस्ताव भेजा है।
जिले के परिवहन निगम के बेड़े में 246 बसें हैं। इनमें 203 निगम व 43 बसें अनुबंधित हैं। इन बसों के होने के बाद जिले के देहात में काफी गांव ऐसे हैं, जहां से लोगों को आने व जाने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। छात्रों को भी परेशानी उठानी पड़ती है। ये सभी लोग टेंपो व ई रिक्शा के सहारे में गांव से शहर तक आना जाना करते हैं।
इस समस्या का समाधान कराने के लिए लोगों ने डीएम व अन्य अधिकारियों से वार्ता की। परिवहन निगम अधिकारियों से भी मुलाकात करते हुए जनहित में रोडवेज बसों को चलाने की मांग की गई। अब अधिकारियों ने कार्रवाई शुरू की है।
इन 15 गांवों को चुना
बुड़ीना कला
चौकड़ा
सुन्ना
लछेड़ा
रहकड़ा
बहेड़ी
काटका
बुड़ीना खुर्द
नूना खेड़ा
पावटी
लखान
खेड़ी फिरोजाबाद
बझेड़ी
बरला
धंधेड़ा
जल्द ही अन्य गांव भी होंगे चिह्नित
परिवहन निगम अधिकारी बताते है कि जिन 15 गांवों तक रोडवेज बस सेवा पहुंचाने के लिए कार्रवाई शुरू की गई है। वह सभी गांव चार हजार की आबादी से ज्यादा आबादी वाले हैं। मुख्यालय से भी इस बारे में आदेश मिले हैं। फिलहाल 15 गांवों को चुना है। अन्य गांवों के बारे में भी जानकारी की जा रही है।
ये बोले अधिकारी
परिवहन निगम के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक प्रभात कुमार सिन्हा ने बताया कि जो गांव चिह्नित किए गए हैं, उन तक रोडवेज बस सेवा पहुंचाने के लिए प्रस्ताव बनाकर वरिष्ठ अधिकारियों को भेजा है। आदेश मिलने पर सेवा दी जाएगी। कुछ दिन पहले 42 सीट वाली 20 मिनी बसों को देहात क्षेत्र में संचालित किया गया है।