नागरिकता छिपाकर यूपी में रह रहा बांग्लादेशी झोलाछाप गिरफ्तार

बरेली। यूपी के बरेली में फतेहगंज पश्चिमी पुलिस ने नागरिकता छिपाकर क्लीनिक चला रहे बांग्लादेशी झोलाछाप को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। वह अवैध रूप से सीमा पार करके भारत में आया था और फिर फर्जी आधार, पैन और वोटर कार्ड बनवाकर यहां रहने लगा। उसके खिलाफ धोखाधड़ी और विदेश अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।

फतेहगंज पश्चिमी इंस्पेक्टर अभिषेक सिंह ने बताया कि गुरुवार को दरोगा अशोक कुमार एवं पंकज कुमार ने मुखबिर की सूचना पर गांव बल्लिया में सड़क किनारे से 30 वर्षीय बांग्लादेशी नागरिक राजू उर्फ राज मंडल पुत्र सतेंद्र मंडल को गिरफ्तार किया है।

राजू मंडल मूलरूप से बांग्लादेश में जिला खुलना ढाका में थाना बतिया गाटा के गांव सुंदर महाल बारातिया का निवासी है। उसके कब्जे से भारत का फर्जी आधार कार्ड, वोटर आईडी एवं पैन कार्ड बरामद किया गया है। पुलिस ने धोखाधड़ी कर फर्जी दस्तावेज बनाने, उनका इस्तेमाल करने और विदेश अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।

एसपी नॉर्थ मुकेश चंद्र मिश्र ने बताया कि बांग्लादेशी नागरिकता छिपाकर निवास कर रहे एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। उसने फर्जीवाड़ा कर आधार, पैन और वोटर कार्ड भी बनवा लिया था। उसके खिलाफ धोखाधड़ी और विदेश अधिनियम की धाराओं में कार्रवाई की गई है।

दिल्ली में दस्तावेज बनवाकर आया बरेली
दिल्ली आने के बाद राजू उर्फ राज मंडल अपनी बांग्लादेशी नागरिकता छिपाने और भारत की नागरिकता पाने के प्रयासों में जुट गया। नागरिकता मिलने की कोई उम्मीद नहीं दिखी तो उसने 2092/B-B3 गली नंबर 17, प्रेमनगर पटेलनगर, मध्य दिल्ली के पते पर फर्जी आधार कार्ड, वोटर आईडी एवं पैन कार्ड बनवा लिए। इसके बाद वर्ष 2021 में वह दोबारा फतेहगंज पश्चिमी आ गया। यहां उसने बल्लिया गांव में छत्रपाल के मकान में किराये पर कमरा ले लिया और साबिर हुसैन के यहां बंगाली क्लीनिक खोलकर लोगों का इलाज शुरू कर दिया।

वीजा पर आकर जमाया था धंधा
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि राजू उर्फ राजा मंडल पहली बार वर्ष 2027 में वीजा बनवाकर भारत आया था। यहां उसने फतेहगंज पश्चिमी में क्लीनिक खोला और बंगाली डॉक्टर बनकर इलाज शुरू कर दिया। जून 2018 में वीजा समाप्त हो गया तो उसे वापस बांग्लादेश जाना पड़ा। इसके बाद उसने दोबारा वीजा बनवाने की कोशिश की लेकिन नाकाम रहा। तब वह वर्ष 2018 में चोर रास्ते से भारत में दाखिल हुआ और बॉर्डर पार करके दिल्ली पहुंच गया।

पिछले महीने जेल गईं तीन बांग्लादेशी महिलाएं
प्रेमनगर पुलिस ने 23 अगस्त को अवैध रूप से जनपद में निवास कर रही तीन बांग्लादेशी महिलाओं को गिरफ्तार करके जेल भेजा है। गिरफ्तार महिलाओं में प्रेमनगर के मौलानगर में रहने वाले मोहम्मद यासीन उर्फ कल्लू की पत्नी मुन्नारा बी और हाफिजगंज के मोहल्ला बाजार की रहने वाली सायरा बानो पत्नी ताजुद्दीन और तसलीमा पत्नी शमशाद शामिल हैं। तीनों महिलाएं बांग्लादेश में जिला जेस्सोर, थाना बैनापुलपोर्ट के गांव शीकरी की रहने वाली हैं और खुद को सगी बहने बताती हैं। मुन्नारा बी ने फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड, राशन कार्ड आदि बनवाए और वर्ष 2011 में भारतीय पासपोर्ट बनवाया।