मध्य प्रदेश में सनसनीखेज वारदात: पति ने फोन दिलाने से किया इनकार तो पत्नी ने पीटा, छत से दे दिया धक्का

ग्वालियर: मध्य प्रदेश के ग्वालियर से हैरान करने वाला मामला सामने आया है जहां नया फोन ना दिलाने से नाराज पत्नी ने अपने पति को छत से नीचे फेंक दिया। दरअसल पत्नी ने नए फोन की डिमांड की थी लेकिन पति ने इनकार कर दिया। इससे पत्नी इतना नाराज हो गई कि अपने पति को ही छत से धक्का दे दिया। पीड़ित की पहचान 22 साल के शिवम वंशकार के तौर पर हुई है। वह टीकमगढ़ का रहने वाला था।

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, घटना के समय वह अपने किराए के घर पर मौजूद था जहां पत्नी ने उसे पहली मंजिल से धक्का दे दिया। उसकी चीखें सुनकर पड़ोसी दौड़े और रिश्तेदार उसे अस्पताल ले गए। उसके पैर में फ्रैक्चर हो गया था। डॉक्टरों ने उसे प्लास्टर चढ़ाया और छुट्टी दे दी।

शिवम की शादी दो साल पहले झांसी की रहने वाली साधना से हुई थी। पुलिस ने बताया कि नए स्मार्ट फोन की डिमांड को लेकर दोनों के बीच आए दिन झगड़ा होता था। बुधवार शाम को जब शिवम ने साधना से कहा कि उसके पास अभी पैसे नहीं हैं, बहस ने हिंसक रूप ले लिया। पहले साधना ने कथित तौर पर उसके साथ गाली-गलौज की, उसे मारा और छत से धक्का दे दिया। इतना ही नहीं उसने उसे धमकी भी दी कि अगर उसने जल्द ही फोन नहीं खरीदा तो वह उसे जान से मार देगी। पुलिस ने पुष्टि की है कि शिवम की शिकायत के आधार पर उसकी पत्नी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है।