UP Police SI Recruitment exam 2025: यूपी में शनिवार को हुए उत्तर प्रदेश पुलिस की एसआई भर्ती परीक्षा में आए एक प्रश्न और उसके ऑप्शन को लेकर सियासी विवाद गरमाया हुआ है। दरअसल पेपर में प्रश्न पूछा गया था कि अवसर के अनुसार, बदल जाने वाले के लिए एक शब्द में उत्तर दें। विकल्प में पंडित ऑप्शन भी दिया गया था। इस ऑप्शन पर बीजेपी और यूपी सरकार के घटक दलों ने भी आपत्ति जताई है। उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक से लेकर बीजेपी के कई नेताओं ने इस पर आपत्ति जताई है। इसके तुरंत बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्शन में आते हुए सभी भर्ती बोर्डों को चेतावनी जारी की है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी भर्ती बोर्ड के चेयरपर्सन्स को परीक्षा प्रक्रिया की मर्यादा एवं संवेदनशीलता बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री जी ने स्पष्ट किया है कि किसी भी व्यक्ति, जाति, पंथ अथवा संप्रदाय की आस्था एवं गरिमा के संबंध में किसी भी प्रकार की अमर्यादित टिप्पणी स्वीकार्य नहीं होगी। इसके दृष्टिगत सभी पेपर सेटर्स को भी स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए जाएं तथा ऐसे हैबिचुअल ऑफेंडर्स को तत्काल प्रतिबंधित किया जाए। मुख्यमंत्री जी ने कहा है कि यह प्रावधान पेपर सेटर्स के साथ किए जाने वाले एमओयू का भी अनिवार्य हिस्सा बनाया जाए, जिससे परीक्षा प्रक्रिया की शुचिता, संवेदनशीलता एवं गरिमा अक्षुण्ण बनी रहे।
1090 केंद्रों पर यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा
बता दें कि 14 मार्च को लिखित परीक्षा प्रदेश के 75 जनपदों के 1090 परीक्षा केंन्द्रों पर 02 पालियों में सफलतापूर्वक संपन्न हुई । जिसकी प्रथम पाली की परीक्षा प्रातः 10:00 बजे से मध्यान्ह 12:00 बजे तक कुल- 3,93,940 अभ्यर्थियो हेतु आयोजित की गयी जिसमें कुल- 2,63,838 अभ्यर्थी सम्मिलित हुए। जबकि दूसरी पाली की परीक्षा अपराह्न 03:00 बजे से सायं 05:00 बजे तक कुल 3,93,941 अभ्यर्थियों हेतु आयोजित की गयी जिसमें कुल- 2,67,927 अभ्यर्थी सम्मिलित हुए। इस प्रकार कुल 5,31,765 (पांच लाख इकतीस हज़ार सात सौ पैंसठ) अभ्यर्थी आज दिनांक 14 मार्च 2026 की परीक्षा में सम्मिलित हुए।