Rajasthan Weather: राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के असर से गर्मी कम हुई है. बाड़मेर (39°C) सबसे गर्म रहा, लेकिन आज जयपुर, भरतपुर और गंगानगर सहित कई जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट है. 20 मार्च से एक और नया विक्षोभ राहत बढ़ाएगा.
राजस्थान में मार्च की तपिश पर अब पश्चिमी विक्षोभ का पहरा लग गया है. मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, प्रदेश में एक के बाद एक आ रहे दो नए विक्षोभों के कारण आगामी एक सप्ताह तक लू चलने की कोई संभावना नहीं है. शनिवार शाम से ही प्रदेश के कई हिस्सों में हल्के बादल छाने और ठंडी हवाएं चलने से पारे में गिरावट दर्ज की गई है.
पिछले 24 घंटो के दौरान राज्य के जयपुर एवं बीकनेर संभाग कही कही मेघ गर्जन के साथ हल्की वर्षा दर्ज की गई तथा शेष संभागों में मौसम मुख्यत शुष्क रहा है. साथ ही अधिकतम तापमान बाड़मेर में 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान अलवर में 10.3 डिग्री दर्ज किया गया है.
शनिवार (14 मार्च) की रिपोर्ट के अनुसार, प्रदेश के टॉप-10 सबसे गर्म इलाकों की सूची में बाड़मेर शीर्ष पर रहा. हालांकि, राहत की बात यह है कि राज्य का कोई भी जिला 40 डिग्री के पार नहीं पहुंचा.अगर अगले 24 घंटों की बात की जाए तो प्रदेश के 10 सबसे गर्म शहरों में अधिकतम तापमान जैसे- बाड़मेर 39.0,चित्तौड़गढ़ 38.8, फलोदी 38.4,जैसलमेर 37.6, जवाई बांध (पाली)37.4, बीकानेर 36.3,डूंगरपुर 36.1, उदयपुर (डबोक)35.9, जोधपुर शहर 35.9, कोटा में 35.8 पारा दर्ज किया गया है.
मौसम केंद्र जयपुर ने आज (15 मार्च) के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. जिसकी वजह से जयपुर, भरतपुर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र के उत्तरी भागों में बादल गरजने और बूंदाबांदी की प्रबल संभावना है.
वहीं गंगानगर और हनुमानगढ़ जिलों में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने के आसार हैं.मौसम विभाग ने सलाह दी है कि मेघगर्जन के समय पेड़ों के नीचे शरण न लें और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्लग निकाल दें.
राहत का यह सिलसिला अभी थमेगा नहीं. मौसम विभाग के अनुसार- दूसरा विक्षोभ 18 से 20 मार्च के बीच एक और नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा.