पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बढ़ेगी गर्मी:17–18 फरवरी को बारिश के आसार

वाराणसी। यूपी में मौसम का मिजाज अब धीरे-धीरे गर्म दिनों की ओर लौट रहा है। दिन के तापमान में लगातार आंशिक वृद्धि दर्ज की जा रही है और यह क्रम फिलहाल जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से अगले सप्ताह पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम हल्का बदल सकता है।

17 और 18 फरवरी को छिटपुट बारिश की संभावना
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 17 और 18 फरवरी को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में छिटपुट बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। हालांकि इसके अलावा मौसम में किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं।

तापमान में होगी 2-3 डिग्री की बढ़ोतरी अगले चार दिनों के दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। प्रदेश के अधिकांश जिलों में तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है। विशेषज्ञों का कहना है कि तापमान बढ़ने की प्रक्रिया धीरे-धीरे जारी रहेगी और अचानक किसी बड़े मौसम परिवर्तन की आशंका नहीं है।

इन जिलों में सबसे ज्यादा तापमान प्रदेश में सबसे अधिक तापमान बांदा में दर्ज किया गया। यहां अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.6 डिग्री अधिक था। इसके अलावा उरई में 29.5 डिग्री और प्रयागराज में 29 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।

सरसों, आलू, मटर की फसलों को नुकसान का खतरा कड़ाके की ठंड के बीच ओले और बरसात का असर रबी की फसलों पर दिखाई दे रहा है। गेहूं की फसल के लिए यह मौसम अच्छा है। सरसों, आलू, मटर की फसलों पर बीमारियों का खतरा है। वैज्ञानिकों का कहना है कि कीट और रोग का प्रकोप होने पर तुरंत इलाज करें। दवा का छिड़काव तभी करें, जब मौसम साफ हो।