‘लश्कर से बोल रहा हूं… हर घंटे होगा ब्लास्ट!’ – UP पुलिस को 60 बार कॉल कर किसने दी धमकी?

फिरोजाबाद। दिल्ली धमाके के बाद सोमवार रात फिरोजाबाद पुलिस को तब अलर्ट पर आना पड़ा जब डायल 112 पर एक कॉल आई, “मैं लश्कर-ए-तैयबा से प्रवीन बोल रहा हूं, हर घंटे ब्लास्ट होगा, पैसे नहीं दिए तो डीजीपी को उड़ा दूंगा।” कॉल सुहाग नगर इलाके से की गई थी, जिससे पूरे जिले में हड़कंप मच गया।

बार-बार लोकेशन बदलता रहा आरोपी
कॉलर लगातार अपनी लोकेशन बदलता रहा और रातभर पुलिस को फोन कर परेशान करता रहा। उसने करीब 60-62 बार कॉल की। पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में जुट गईं, लेकिन वह लगातार जगह बदलने के कारण पकड़ में नहीं आ रहा था।

दिव्यांग निकला आरोपी, पहले से हैं मुकदमे
बाद में जांच में पता चला कि आरोपी का नाम आकाश फौजदार, निवासी सुहाग नगर, सेक्टर-1 है। वह एक पैर से दिव्यांग और शराब पीने का आदी है। पहले से उसके खिलाफ चोरी के दो-तीन मुकदमे दर्ज हैं। बुधवार दोपहर पुलिस ने उसे सुहाग नगर चौराहे से गिरफ्तार किया।

भ्रामक सूचना देने पर भेजा जेल
एसएसपी सौरभ दीक्षित ने बताया कि आरोपी नशे की हालत में पुलिस को परेशान करने के लिए लश्कर-ए-तैयबा का नाम ले रहा था। उसे भ्रामक सूचना देने के आरोप में जेल भेज दिया गया है।