मेरी जान को खतरा, पत्नी और उसका प्रेमी मार देंगे… यूपी में पति ने थाने में लगाई मदद की गुहार

मेरठ। सरूरपुर थाना क्षेत्र में पत्नी व उसके प्रेमी से डरकर एक पति मदद की गुहार लेकर पुलिस के पास पहुंचा। उसने कहा कि उसकी जान को पत्नी व उसके प्रेमी से खतरा है। वह उसे कभी भी मार सकते हैं। वह काफी डरा हुआ है, इसलिए बीते 8 दिन से घर पर खाना नहीं खाया है। पुलिस ने उसकी काउंसलिंग की। तीनों को शुक्रवार को थाने बुलाया है।

सात साल पहले हुआ था प्रेम विवाह
युवक का बागपत के बिनौली थाना निवासी युवती से सात साल पहले प्रेम विवाह हुआ था। शादी के बाद दोनों के तीन बच्चे हुए, लेकिन कुछ समय बाद रिश्ता खराब होने लगा। चार साल पहले युवती का कस्बे के ही एक युवक के साथ प्रेम प्रसंग शुरू हो गया।

इस बात की जानकारी पति को लगी, तो दोनों के बीच विवाद होने लगे। पत्नी को काफी समझाया, लेकिन वह नहीं मानी। पीड़ित पति ने जानकारी दी कि आठ दिन पहले दोनों ने मिलकर उसको बहुत पीटा था। उसके बाद घर जाने तक में डर लगता है।

प्रेमी नहीं रखना चाहता है साथ
पीड़ित के रिश्तेदार ने जानकारी दी कि बीते बुधवार को महिला थाने गई थी। उसने साफ कहा था कि वह अपने प्रेमी के साथ ही रहना चाहती है, लेकिन पुलिस ने उसको वापस भेज दिया था। वह फिर इसी जिद पर अड़ी है, लेकिन प्रेमी ही उसको साथ रखना नहीं चाहता है। पीड़ित युवक मजदूरी कर परिवार को पालता है।

सरूरपुर थाना प्रभारी गौरव सिंह ने बताया कि पति और पत्नी के बीच विवाद काफी पुराना है। तीनों को शुक्रवार को थाने बुलाया है। यहां विवाद को सुलझाने की कोशिश करेंगे।