यूपी के इस जिले में 6.75 करोड़ की लागत से होगा सड़क चौड़ीकरण

तिलोई। अहोरवा भवानी वाया मोक्षेश्वरी शिवरतनगंज संपर्क मार्ग का सुदृढ़ीकरण एवं चौड़ीकरण किया जाएगा। सार्वजनिक निर्माण विभाग की ओर से छह करोड़ 75 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। यह मार्ग निर्माण के लिए सभी औपचारिकताएं पूर्ण कर ली गईं हैं। जल्द ही सड़क निर्माण का कार्य शुरू कराया जाएगा। जिससे करीब 50 हजार आबादी को आवागमन में सहूलियत मिलेगी और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

मां अहोरवा भवानी के दर्शन पूजन के लिए बड़ी संख्या में जिले के साथ ही आसपास के जिलों से भी लोग पहुंचते हैं। रास्ता सुगम होने यहां आने वालों की संख्या बढ़ेगी। जिसका लाभ यहां कारोबार करने वालों को भी होगा।

अहोरवा भवानी धाम और मोक्षेश्वरी मंदिर तिलोई क्षेत्र के महत्वपूर्ण धार्मिक स्थान है। बड़ी संख्या में अहोरवा देवी के मंदिर में हजारों श्रद्धालुओं का आना जाना रहता है। इसलिए क्षेत्र भ्रमण के दौरान क्षेत्रीय लोगों की मांग होती थी कि यह मार्ग अच्छा होना जरूरी है।

अहोरवा भवानी शिवरतनगंज मार्ग थाना, ब्लाक मुख्यालय, मेडिकल कॉलेज, सीएचसी को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है। पांच किमी लंबा मार्ग लोगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। अभी तक मार्ग की चौड़ाई तीन मीटर में है।

अब यह मार्ग पांच मीटर की चौड़ाई में उच्चीकृत और चौड़ीकरण किया जाएगा। इस मार्ग से प्रत्येक सोमवार अहोरवा भवानी के भक्तों की भीड़ दर्शन के लिए जाती है। इसके अलावा सैकड़ों लोगों का इस मार्ग से आवागमन रहता है।

इन गांव के लोगों को होगा फायदा
पेंडारा, महिया सिंदुरिया, गोयन, कुकहा रामपुर, जेहटा उसरहा, खडगपुर, रायपुर, अछई, बसंतपुर-सकतपुर, राजापुर, सीवन सहित अन्य गांव के लोगों को फायदा मिलेगा।