लखनऊ समेत कई जिलों में 45 पार होगा तापमान; जानें कब होगी राहत की बारिश

Lucknow Weather Alert: उत्तर प्रदेश इस समय भीषण गर्मी और लू की चपेट में है, और राजधानी लखनऊ में हालात तेजी से तपिश भरे होते जा रहे हैं. इसी बीच मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे बाद लखनऊ और आसपास के जिलों के लिए बेहद डराने वाला अलर्ट जारी किया है.

लखनऊ में बुधवार सुबह से ही तेज धूप और साफ आसमान के चलते गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया. दिन का अधिकतम तापमान करीब 42°C रहा और न्यूनतम 24°C रहने का अनुमान है. पिछले 24 घंटे की बात करें तो न्यूनतम तापमान भी सामान्य से ऊपर बना रहा. इससे साफ है कि दिन के साथ-साथ रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही.

जल्द तेज होगा लू का प्रकोप
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के ताजा अनुमान के मुताबिक 22 से 26 अप्रैल के बीच पश्चिमी और मध्य यूपी में लू का प्रकोप तेज रहेगा, जबकि कई जिलों में तापमान 40 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रह सकता है.

अगले 7 दिम और तपेगा लखनऊ
मौसम विभाग के अनुसार लखनऊ में अगले कुछ दिनों तक गर्मी और तेज हो सकती है. 23-24 अप्रैल को लखनऊ का अधिकतम तापमान 43-44°C तक पहुंच सकता है. वहीं 24 और 25 अप्रैल के लिए IMD ने लखनऊ में हीट वेव का भी अलर्ट जारी किया है. हालांकि इसके बाद फिर कुछ राहत मिलने लगेगी और 28 अप्रैल तक लखनऊ के तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट आ सकती है.

यूपी के अन्य शहरों का मौसम
राज्य के अन्य प्रमुख शहर- कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, आगरा और मेरठ- भी इसी तरह की गर्म हवाओं और लू की चपेट में रहेंगे.

कब होगी राहत की बारिश
26 अप्रैल के बाद मौसम में बदलाव के संकेत हैं. 27 अप्रैल को पश्चिमी यूपी के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है, जिससे तापमान में मामूली गिरावट आएगी. हालांकि गर्मी पूरी तरह खत्म नहीं होगी, लेकिन लू से थोड़ी राहत जरूर मिल सकती है.

विशेषज्ञों की सलाह
तेज धूप और लू को देखते हुए दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है. पर्याप्त पानी पीना, हल्के कपड़े पहनना और धूप से बचाव करना बेहद जरूरी है. फिलहाल लखनऊ और आसपास के इलाकों में आने वाले 3-4 दिन गर्मी के लिहाज से बेहद चुनौतीपूर्ण रहने वाले हैं- यानी अप्रैल का यह दौर ‘परीक्षा’ से कम नहीं.