मुरादाबाद। कुंदरकी के गांव शिमलाठेर में पत्नी के प्रेम प्रसंग के चलते पति मुकेश ने राजवती की गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपित पति शव के बराबर में काफी देर तक बैठा रहा। बेटी के शोर मचाने पर छत पर सो रहे दोनों बेटे आ गए और आसपास के लोगों को बुला लिया। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस से आरोपित बोला साहब मना करने के बाद भी प्रेमी से मिलने जाती थी। इसलिए उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपित को हिरासत में ले लिया है।
गांव शिमलाठेर निवासी महेश प्रजापति पिकअप चालक है। परिवार में पत्नी राजवती के अलावा बेटा विष्णु, ललित और बेटी कनक है। बुधवार की शाम पिकअप चलाकर महेश घर पहुंचा। रात में करीब नौ बजे सभी ने खाना खाया। खाना खाकर विष्णु और ललित छत पर बने कमरे में सोने के लिए चले गए। जबकि बेटी कनक मां के साथ सो गई।
उधर पति को जानकारी हुई कि पत्नी राजवती बुधवार को शाम प्रेमी से मिलकर आई है। पति ने तीनों बच्चों के सो जाने के बाद पत्नी से प्रेमी से मिलने से मना किया तो दोनों के बीच विवाद हो गया। बताया जाता है कि मारपीट भी हुई। शोर शराबा सुनकर नीचे कमरे में सो रही बेटी कनक जाग गई।
माता पिता को अलग-अलग करने का प्रयास किया, लेकिन इसी बीच आरोपित ने फटा हुआ लोवर उठाया और उससे गला दबा दिया। इससे राजवती की मौत हो गई। हालांकि सात वर्षीय बेटी कनक ने मां को बचाने का काफी प्रयास किया। उसने शोर भी मचाया, लेकिन पड़ोस में ही मंगनी का कार्यक्रम चल रहा था। जिसमें डीजे बज रहा था।
ऐसे में उसकी आवाज किसी के कानों तक नहीं जा सकी। पत्नी की हत्या करने के बाद आरोपित वहीं पर बैठ गया। कनक रोते हुए छत पर सो रहे अपने भाइयों के पास पहुंची और उन्हें उठाकर लेकर आई। मां को जमीन पर पड़ा देख उनकी चीख निकल गई। पड़ोसियों को बुलाया गया, लेकिन आरोपित वहीं पर बैठा रहा।
मामले की जानकारी पर प्रभारी निरीक्षक हम्बीर सिंह जादौन पहुंच गए। पुलिस ने आरोपित को हिरासत में ले लिया। पुलिस हिरासत में आरोपित बोला साहब बुधवार को भी प्रेमी से मिलने के लिए गई थी। मना करने के बाद भी नहीं मान रही थी। इसलिए हत्या कर दी।
उधर मृतक के भाई गुड्डू निवासी हसनपुर कला डिडौली अमरोहा ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर बताया कि करीब 13 वर्ष पहले बहन की शादी महेश से की थी। महेश शादी के बाद से ही प्रताड़ित करता था और अब उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने शिकायती पत्र के आधार पर आरोपित के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपित पति को शक था कि पत्नी का किसी से प्रेम प्रसंग चल रहा है। इसी के चलते उसने हत्या की है।