सस्ती दवा का लालच कर सकता है और बीमार, एसटीएफ की चेतावनी, विक्रेताओं के लिए अलर्ट जारी

देहरादून: उत्तराखंड एसटीएफ ने नकली एवं कूटरचित (काउंटरफिट) दवाओं के बढ़ते कारोबार पर आमजन और दवा विक्रेताओं के लिए अलर्ट जारी किया है। उन्होंने कहा कि सस्ती दवा का लालच बीमार व्यक्ति को और बीमार कर सकता है। 50 से 60 फीसदी छूट के झांसे में आने के बजाय भरोसेमंद स्रोत से ही दवाएं खरीदें।

एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने कहा कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म, सोशल मीडिया और अनधिकृत आपूर्ति शृंखलाओं के माध्यम से नकली दवाओं की बिक्री के मामले सामने आ रहे हैं जो लोगों के स्वास्थ्य और जीवन के लिए गंभीर खतरा हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि दवाएं हमेशा लाइसेंसधारी मेडिकल स्टोर से ही खरीदें और खरीद का बिल अवश्य लें।

दवा की स्ट्रिप या पैकेजिंग पर मौजूद क्यूआर कोड अथवा बारकोड स्कैन कर उसकी प्रामाणिकता की जांच करें। साथ ही बैच नंबर, निर्माण एवं समाप्ति तिथि तथा एमआरपी का बिल से मिलान करें। अत्यधिक छूट या सोशल मीडिया के जरिए सस्ती दवा उपलब्ध कराने वाले व्यक्तियों से सावधान रहने की सलाह दी गई है। उन्होंने चेतावनी दी है कि नकली दवाओं के निर्माण, विक्रय, वितरण और ऑनलाइन कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।