अभी-अभी: हिमाचल में 2 दिन भारी बारिश का अलर्ट, भूस्खलन से 126 सड़कें बंद

इस खबर को शेयर करें

शिमला: हिमाचल प्रदेश में शुक्रवार को सभी क्षेत्रों में मौसम साफ रहा। वहीं, भूस्खलन होने से प्रदेशभर में 126 सड़कें बंद हैं। शुक्रवार सुबह रामपुर के समीप जीरो प्वाइंट डकोलढ़ में भूस्खलन होने से रामपुर-शनेरी-शिंगला संपर्क मार्ग पर यातायात करीब छह घंटे तक ठप रहा। कुल्लू जिले में 12 सड़कों पर यातायात बंद है। भूस्खलन के साथ पेड़ों के गिरने से सड़कें बाधित रहीं। हमीरपुर के विकास खंड बिझड़ी की ग्राम पंचायत सठवीं के बाड़ा गांव में दो कमरों का स्लेटपोश मकान जमींदोज हो गया।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 25 जुलाई के लिए प्रदेश में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। 26 और 27 जुलाई को भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 29 जुलाई तक पूरे प्रदेश में मौसम खराब बना रहने की संभावना जताई गई है। राजधानी शिमला में शुक्रवार को हल्के बादल छाए रहे। शुक्रवार को ऊना में अधिकतम तापमान 33.8, बिलासपुर 33.0, सुंदरनगर 32.7, हमीरपुर 32.0, कांगड़ा 31.3, चंबा 31.1, सोलन 30.4, नाहन 29.3, धर्मशाला 27.8, शिमला 23.6, कल्पा 23.1, केलांग 21.2 और डलहौजी में 19.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

नवबहार में भूस्खलन से एंबुलेंस रोड बाधित
शहर में भारी बारिश के चलते कई रास्ते और सड़कों पर मलबा गिरने से आवाजाही बाधित हुई है। नवबहार में भूस्खलन के कारण एंबुलेंस रोड बंद हो गया है। धोबीघाट से प्राइमरी स्कूल नवबहार को जोड़ने वाले इस एंबुलेंस रोड पर मलबा गिर गया है। स्थानीय लोगों ने इस बारे में पार्षद मीरा शर्मा को सूचना दी। लोगों का कहना है कि नगर निगम ने हाल ही में यह सड़क तैयार की है। सड़क के लिए की गई खुदाई के चलते पहाड़ी के ऊपरी तरफ बने मकान को खतरा पैदा हो गया था। अब बारिश के चलते इस मकान की नींव पर भूस्खलन हो गया है। इसका मलबा सड़क पर आ गया है। पार्षद ने कहा कि नगर निगम को सड़क बनाते समय ऐसे भवनों को बचाने के लिए रिटेनिंग वॉल लगानी चाहिए। इंजनघर वार्ड के दक्षिण विहार में भी डंगे ढहने से नुकसान हुआ है। नगर निगम प्रशासन का कहना है कि सड़कों और रास्तों को बहाल करने के निर्देश दिए हैं।