मुजफ्फरनगर मे पति से नाराज होकर पत्नी ने खाया जहर, 8 महीने पहले हुई थी लव मैरिज

इस खबर को शेयर करें

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के पुरकाजी में खेड़की गांव में पति से हुए विवाद में पत्नी ने शनिवार की रात को अनाज में रखा जहर निकालकर पानी में घोल कर पी लिया। पता चलने पर ससुराल वाले घंटों शहर तक दौड़ते रहे, लेकिन विवाहिता ने दम तोड़ दिया। मृतका के भाई की तहरीर पर पति व उसके भाइयों व बिचौलिए को पुलिस ने नामजद कर दिया है। नायब तहसीलदार की देखरेख में शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्ट मार्टम के लिए भिजवाया गया।

आठ माह के प्रेम विवाह का अंत
करीब आठ माह पूर्व हुए प्रेम विवाह का इतना दुखद अंत होगा किसी ने सोचा भी नहीं था। जिससे प्यार किया, स्वजन को किसी तरह से मनाकर उसी से प्रेम विवाह किया उसी पति से नाराज होकर विवाहिता ने जहर खा लिया। प्रभारी निरीक्षक एचएन सिंह ने बताया कि उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के खामपुर थाने के महेसरा गांव निवासी धर्म सिंह की बेटी सोनम (22) की शादी गत वर्ष खेड़की गांव निवासी जानी पुत्र तेजपाल संग हुई थी। दोनों के बीच पहले प्रेम संबंध थे। किसी तरह से दोनों ने परिवारों को मनाकर शादी कर ली थी। सिंह ने बताया कि देर रात सूचना मिली कि सोनम ने जहर खा लिया है।

मेरठ के प्रशांत के खिलाफ दहेज हत्‍या का आरोप
सीओ सदर हेमंत कुमार व प्रभारी निरीक्षक एचएन सिंह ने मौके पर जाकर घटना की जानकारी ली और ससुरालियों से पूछताछ की। मायका पक्ष ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर ससुरालियों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया। नायब तहसीलदार आरके सिंह की देखरेख में शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मृतका के भाई दीपक की तहरीर पर जानी व उसके भाई अरुण, गौरव के अलावा शादी में बिचौलिया रहे मेरठ निवासी प्रशांत के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। ग्रामीणों के अनुसार रात में पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। पत्नी ने अनाज में रखा जहर निकालकर पानी में मिलाकर पी लिया। तबीयत बिगडऩे पर पहले पुरकाजी तथा बाद में शहर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया था।

इनका कहना है
शव का पोस्टमार्टम कराया गया। वैसे तो जहर खाने की बात है, लेकिन मौत का स्पष्ट कारण रिपोर्ट आने पर पता चलेगा। मृतका के भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर दिया गया है। मामले की जांच क्षेत्राधिकारी सदर करेंगे।

– एचएन सिंह, प्रभारी निरीक्षक, पुरकाजी, मुजफ्फरनगर