मध्य प्रदेश के कर्मचारियों को तोहफा! 3% डीए बढ़ेगा, 4 महीने का एरियर भी मिलेगा

MP Government Employees News: मध्य प्रदेश सरकार अपने लाखों कर्मचारियों को एक और खुशखबरी देने जा रही है. बताया जा रहा है कि प्रदेश के 7.50 लाख से अधिक कर्मचारियों का महंगाई भत्ता (डीए) तीन प्रतिशत बढ़ाया जाएगा. इसकी आधिकारिक घोषणा 1 नवंबर को प्रदेश स्थापना दिवस के मौके पर की जाने की संभावना है. यह बढ़ोतरी 1 जुलाई 2025 से लागू मानी जाएगी, जबकि इसका भुगतान नवंबर पेड टू दिसंबर वेतन में शामिल किया जाएगा. इस फैसले से सरकारी कर्मचारियों को बढ़ती महंगाई के बीच आर्थिक राहत मिलेगी. लंबे समय से कर्मचारी संघ डीए बढ़ाने की मांग कर रहे थे, ऐसे में सरकार का यह कदम कर्मचारियों के लिए त्योहारी सीजन का तोहफा साबित होगा.

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, सरकार जुलाई से अक्टूबर तक के चार महीने के एरियर का भुगतान भी करने की तैयारी में है. इस फैसले से प्रदेश सरकार पर हर महीने लगभग 125 करोड़ रुपए का अतिरिक्त भार आएगा, जबकि कुल मिलाकर 600 करोड़ रुपए तक का वित्तीय असर पड़ेगा. बताया जा रहा है कि सरकार एरियर की राशि एकमुश्त देने की बजाय चार किस्तों में दिसंबर से मार्च तक कर्मचारियों को देगी. इससे सरकारी खजाने पर अचानक दबाव नहीं पड़ेगा और कर्मचारियों को समय-समय पर राहत मिलती रहेगी. सरकार का यह कदम वित्तीय रूप से संतुलित होने के साथ-साथ कर्मचारी वर्ग को खुश करने वाला भी माना जा रहा है.

लाखों कर्मचारियों मिलेगी राहत
फिलहाल प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों को 55 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिल रहा है. इससे पहले यह 52 प्रतिशत था, लेकिन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 27 मई को 3 प्रतिशत डीए बढ़ाने की घोषणा की थी, जो 1 जनवरी 2025 से लागू की गई थी. उस समय बढ़े हुए डीए का भुगतान जून से शुरू हुआ था और बकाया राशि कर्मचारियों को पांच बराबर किश्तों में दी गई थी. अब सरकार एक बार फिर महंगाई भत्ता बढ़ाने जा रही है, जिससे लाखों कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को राहत मिलेगी. यह कदम प्रदेश के सरकारी कर्मचारियों के मनोबल को बढ़ाने और उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत करने की दिशा में अहम माना जा रहा है.