IMD Weather Forecast 13 June 2026: उत्तर भारत में जून की शुरुआत भले ही झुलसाने वाली तेज गर्मी के साथ हुई थी. लेकिन पिछले 2 दिनों से पश्चिम विक्षोभ ने लोगों को इस गर्मी से काफी हद तक राहत दे रखी है. लगातार दूसरी रात रिमझिम बारिश हुई, जिससे मौसम काफी हद तक सुहावना हो गया. शुक्रवार रात बारिश के साथ ठंडी हवाएं भी चलती रही. जिससे तापमान में काफी गिरावट आई. अब भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 13 जून के मौसम के लिए पूर्वानुमान जारी किया है. आइए जानते हैं कि आज का मौसम कैसा रहने वाला है.
IMD के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव की वजह से आज बादल छाए रहेंगे. शाम या रात के वक्त कई जगहों पर हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने का अनुमान है. उत्तर-पश्चिम भारत में नमी बढ़ने से तापमान में मामूली गिरावट आएगी, जबकि देश के कई हिस्सों में लू और गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा. मौसम वैज्ञानिकों ने चेतावनी दी है कि अगले कुछ दिनों तक आंधी-तूफान का दौर जारी रह सकता है. IMD ने शनिवार के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है. आज अधिकतम तापमान लगभग 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 23 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.
दिल्ली-एनसीआर में बना रहेगा सुहावना मौसम
दिल्ली-NCR में 14 जून से 16 जून के बीच बादल छाए रहने की उम्मीद है. बीच-बीच में बारिश और आंधी-तूफान आ सकते हैं. मौसम के इस तरह बने रहने से गर्मी कंट्रोल में रहेगी, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलेगी. हालांकि, तेज़ हवाओं और बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए उन्हें सतर्क भी रहना होगा.
उत्तर भारत में बारिश की संभावना
आज यानी 13 जून को हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश संभव है. जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और उत्तराखंड में भी कुछ स्थानों पर बारिश और बर्फबारी के आसार हैं. पंजाब और हरियाणा में 13-17 जून के दौरान बिखरी हुई बारिश की गतिविधि रहेगी. इस दौरान गरज-चमक के साथ 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार वाली हवाएं चलने की संभावना है.
इन राज्यों में सताएगी तेज लू
आज उत्तर-पश्चिम में जहां बारिश से राहत रहेगी, वहीं देश के कई हिस्सों में गर्मी और लू जारी रहेगी. राजस्थान के पश्चिमी भाग, मध्य प्रदेश, विदर्भ, तेलंगाना, मराठवाड़ा और आंध्र प्रदेश के कुछ इलाकों में 13 जून को लू चलने के आसार हैं. इस दौरान लोगों को उमस का भी सामना करना पड़ सकता है. तेज गर्मी की वजह से इन क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 40-44°C या उससे अधिक पहुंच सकता है. पूर्वी भारत में आने वाले बिहार, झारखंड, ओडिशा और पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश का दौर लगातार जारी रहेगा. दक्षिण भारत में भी मानसून की सक्रियता बढ़ रही है, जिसके चलते वहां पर झमाझम बारिश हो रही है.