चंडीगढ़. देश के सबसे खूबसूरत शहरों में शुमार चंडीगढ़ अब गैंगलैंड बनने लगा है. यहां पर वसूली को लेकर आए दिन गोलियां चल रही हैं. ताजा मामला सेक्टर 11 का है, जहां पर चर्चित कुमार मेडिकल स्टोर में कैशियर को गोलियों से भून दिया. ओटोमैटिक गन से करीब एक सेंकंड में 13 राउंड फायरिंग की गई. इसके बाद कैशियर को घायल हालात में पीजीआई ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई. एसपी चंडीगढ़ ने मौत की पुष्टि की है.
जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर ढाई बजे के करीब की यह घटना है. दो बदमाश चेहरे पर मास्क लगाकर ग्राहक के तौर पर दुकान में आए और फिर दोनों ने गन निकाली और कैशियर को गोलियों से भून दिया. घटना के कई सीसीटीवी फुटेज सामने आए हैं. इसमें भागने से लेकर गोली मारने की घटना वीडियो में कैद हो गई है.
सीसीटीवी फुटेज में नकाबपोश प्वाइंट ब्लैंक पिस्टल से गोलियां चलाते नजर आ रहे हैं. सीसीटीवी फुटेज में साफ नजर आ रहा है कि दवाई की दुकान में समान लेने के बाद काउंटर पर बैठे व्यक्ति के ऊपर ऑटोमेटिक गन से गोलियां चलाई गई. सीसीटीवी फुटेज में दुकान के अंदर अफरा तफरी का माहौल नजर आ रहा है. उधर, जिन बदमाशों ने इस पूरी वारदात को अंजाम दिया है, उनकी बाइक सेक्टर-10 की लेजर वैली पास से बरामद की गई है. जो बाइक रिकवर की गई है, वह चोरी की है और उस पर फेक नंबर प्लेट लगाई गई थी.
फायरिंग में मारे गए कैशियर की पहचान जानकी दास (45) के तौर पर हुई है. जो कि हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के रोहड़ू के रहने वाले थे और हाल ही में पंचायत चुनाव में उनकी पत्नी ने प्रधान का चुनाव जीता है और प्रधान बनी हैं. जानकी दास मौजूदा समय में चंडीगढ़ के धनास में रहते थे. पुलिस सूत्रों की मानें तो बदमाश किसी और को मारने आए थे लेकिन गोलियां किसी और पर चला कर आरोपी फरार हुए है. इससे एक बात तो साफ है कि शूटरों के निशाने पर शायद दुकान के मालिक थे. गौर रहे कि इससे पहले भी कुमार कैमिस्ट शॉप के मालिकों को वसूली को लेकर लॉरेंस बिश्नोई गैंग की तरफ से कई बार कॉल्स आ चुके हैं और अब इसी से जोड़कर मामले को देखा जा रहा है.
चंडीगढ़ के एसपी सुमेर प्रताप सिंह ने बताया कि दो हमलावर मास्क पहने हुए दुकान के अंदर गए और ताबड़तोड़ फायरिंग की. ऑटोमैटिक गन से 13 फायर किए गए हैं. दुकान के मालिक को अभी तक किसी तरह का कोई धमकी नहीं मिली थी. हमलावर घटना को अंजाम देकर बाहर इंतजार कर रहे साथी के साथ मोटरसाइकिल पर भाग गए. पुलिस ने कई टीमें बनाई हैं और आरोपियों की तलाश कर रही है. एसपी ने बताया कि आरोपियों के इंतजार में एक आरोपी बाइक पर था और फिर तीनों आरोपी फरार हो गए.
चंडीगढ़ के सेक्टर 11 के मेडिकल स्टोर में हुई फायरिंग के दो और सीसीटीवी वीडियो सामने आए हैं, जिस पर गोली मारने के बाद हमलावर किस तरह भागे हैं, उसमें साफ तौर पर देखा जा सकता है. इससे पहले, दुकान में एंट्री और दुकान के बाहर पार्किंग के वीडियो भी सामने आए हैं.