नालंदा : बिहार के नालंदा में भीषण सड़क हादसा हो गया. ट्रक और ऑटो की भीषण टक्कर में एक बच्ची सहित 3 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. जबकि एक दर्जन लोग ज़ख़्मी हो गए. घायलों में 3 की हालत नाज़ुक है. सभी जख्मी लोगों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर विम्स पावापुरी रेफर किया गया है. घटना छबिलापुर थाना क्षेत्र साइडपर के.के पॉलिटेक्निक कॉलेज के पास की है.
ट्रक और ऑटो की टक्कर में 3 की मौत : मृतकों की पहचान गया जी जिले के चाकंद थाना क्षेत्र गन्नू बिगहा गांव निवासी राज किशोर रविदास की 6 वर्षीय पुत्री शिवानी कुमारी और बसंत रविदास की 60 वर्षीय पत्नी रानी देवी, जबकि एक नालंदा ज़िले के खुदागंज थाना क्षेत्र कोचरा गांव निवासी विजय रविदास का 25 वर्षीय पुत्र गुड्डू कुमार शामिल है.
नालंदा में बड़ा सड़क हादसा
नालंदा में बड़ा सड़क हादसा : घायलों में गया जी ज़िले के चाकंद गांव निवासी 32 वर्षीय पूजा कुमारी, 03 वर्षीय अंकुश कुमार, 55 वर्षीय राज किशोर रविदास और नालंदा ज़िले के खुदागंज थाना क्षेत्र कोचरा गांव की 14 वर्षीय गौरी कुमारी, 10 वर्षीय चंद्रमुखी कुमारी, 07 वर्षीय चांदो कुमारी, 55 वर्षीय झंमुन्नी देवी, काजल कुमारी, रॉकी कुमार, बैजनाथ रविदास जख्मी हैं.
3 घायलों की हालत नाजुक : इनमें नाजुक हालात में तीन घायलों में 03 वर्षीय अंकुश कुमार, 32 वर्षीय पूजा कुमारी और 07 वर्षीय चांदो कुमारी को विम्स पावापुरी में भर्ती कराया गया है. घटना के संबंध में घायल के रिश्तेदार कुंदन ने बताया कि परिवार के 15 लोग CNG ऑटो पर सवार होकर गांव से राजगीर मालमास मेला घूमने आए थे और आज सुबह मेला देखकर वापस घर की ओर कोचरा लौट रहे थे, तभी तेज़ रफ़्तार ऑटो अनियंत्रित होकर विपरीत दिशा से आ रही ट्रक में ज़ोरदार टक्कर मार दिया. जिससे इलाके में चीखपुकार मच गई. जिसमें तीन लोगों की मौत हुई है.
मृतकों के परिजन
लोगों ने किया हंगामा, पुलिस ने संभाला मोर्चा : हादसे की आवाज़ सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस के सहयोग से इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया. घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जामकर प्रशासन के खिलाफ उग्र हो गए और हंगामा करने लगे. जिससे भारी संख्या में पुलिस बल ने पहुंचकर लोगों को समझा बुझाकर मामले को शांत कराया. शव को कब्ज़े में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मॉडल अस्पताल बिहार शरीफ भेजा. पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट चुकी है. ट्रक को ज़ब्त कर लिया है.
हादसे में तीन की मौत की पुष्टि : इस संबंध में छबिलापुर एसआई मिथलेश कुमार ने कहा कि राजगीर मेले से घूमकर घर वापस लौटने के दौरान ट्रक और ऑटो की टक्कर में तीन लोगों की मौत हुई है, जबकि कुछ लोग ज़ख़्मी हैं. घायलों को इलाज के लिए भेजा गया है. फ़िलहाल पुलिस तीनों शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौप आगे की कार्रवाई में जुट चुकी है
“राजगीर का मलमास मेला घूमकर वापस लौट रहे ग्रामीणों का ऑटो और ट्रक में टक्कर हो गई. हादसे में 3 की मौत हुई है जबकि जो घायल हैं उनका इलाज कराया जा रहा है. फिलहाल तीनों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को शव सौंप दिया गया है. ट्रक को जब्त कर लिया गया है.”- मिथलेश कुमार, एसआई. छबिलापुर नालंदा