अभी अभीः 7 महीने बाद कोरोना पर मोदी सरकार की हाई लेवल मीटिंग, स्वास्थ्य मंत्री ने पूरे देश में…

Abhi Abhi: Modi government's high level meeting on Corona after 7 months, Health Minister...
Abhi Abhi: Modi government's high level meeting on Corona after 7 months, Health Minister...
इस खबर को शेयर करें

नई दिल्ली। देश में कोरोना मरीजों की संख्या में एक बार फिर से इजाफा होने लगा है। पिछले 24 घंटे में देश में 6,050 नए मामले सामने आए हैं, जबकि 14 लोगों की मौत हुई है। एक्टिव केस का आंकड़ा भी 28 हजार 303 हो गया है। इधर, स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने शुक्रवार को राज्यों-केंद्र शासित प्रदेशों के साथ रिव्यू मीटिंग की।

मांडविया ने राज्यों के स्वास्थ्य मंत्रियों से 10 और 11 अप्रैल को सभी अस्पतालों का दौरा कर मॉक ड्रिल का रिव्यू करने काे कहा है। मांडविया ने कहा- हमने कोरोना की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की है। राज्यों को इमरजेंसी हॉटस्पॉट की पहचान करने, टेस्टिंग, जीनोम सीक्वेंसिंग बढ़ाने और अस्पतालों की बुनियादी सुविधाओं को बेहतर करने का निर्देश दिया गया है। इसके अलावा कोरोना से जुड़े नियमों का सख्ती से पालन करने को कहा गया है।

मांडविया ने कहा-हमें सतर्क रहने की जरूरत है, घबराने की नहीं। वर्तमान में ओमिक्रॉन का सब-वैरिएंट देश में फैल रहा है। इसमें अस्पताल में भर्ती होने की जरूरत नहीं होती है। इससे पहले बुधवार को कोविड इम्पावरमेंट वर्किंग ग्रुप ने भी समीक्षा बैठक की थी।

मार्च के मुकाबले अप्रैल में तेजी से बढ़ रहे केस
कोरोना के डेली केस में इजाफा तेज हो गया है। फिलहाल पॉजिटिविटी रेट 3.39% है। मार्च के 31 दिनाें में कोरोना के 31,902 केस सामने आए थे। इसके मुकाबले अप्रैल के 6 दिनों में ही 26,523 नए केस मिले हैं।

अगर औसत देखें तो मार्च में रोजाना औसतन 1 हजार नए केस मिले थे, जबकि अप्रैल में रोजाना औसतन 4 हजार मामले आ रहे हैं। अगर संक्रमण की दर यही रही तो अप्रैल में 1.20 लाख नए मामले आने की आशंका है। हालांकि रोजाना जिस हिसाब से नए केस बढ़ रहे हैं, उसके मुताबिक अप्रैल के कुल केस इससे भी ज्यादा हो सकते हैं।

टॉप-5 राज्यों में दो-तिहाई नए केस, केरल सबसे आगे
देश में पिछले 24 घंटे में मिले 6,050 नए केस में से 4,037 केस सिर्फ 5 राज्यों में मिले हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने इन आंकड़ों को शुक्रवार को जारी किया। सबसे आगे केरल है। यहां 1,936 नए केस मिले हैं। इसके बाद महाराष्ट्र में 803, दिल्ली में 606, हिमाचल प्रदेश में 367 और गुजरात में 327 केस सामने आए हैं।

केरल: यहां 1,936 नए केस मिले हैं, जबकि एक व्यक्ति की मौत हुई है। 742 लोग ठीक भी हुए हैं। इससे पहले 22 सितंबर को 2300 मामले सामने आए थे।

महाराष्ट्र: यहां बीते दिन 803 नए केस मिले हैं, 687 लोग ठीक हुए जबकि 3 लोगों की मौत हुई। बुधवार को यहां 569 नए केस मिले थे। यहां पॉजिटिविटी रेट 7.05% है।

दिल्ली: यहां बीते दिन 606 नए मामले सामने आए और एक व्यक्ति की मौत हुई है, जबकि 340 लोग इस बीमारी से ठीक हुए। एक्टिव केस 2,060 हो गए हैं। यहां पॉजिटिविटी रेट 16.98% है।

हिमाचल प्रदेश: यहां गुरुवार को 367 नए केस सामने आए हैं, जबकि 1 की मौत हुई है और 138 लोग ठीक हुए हैं। फिलहाल राज्य में 1,933 एक्टिव केस हैं। यहां पॉजिटिविटी रेट 7.31% हो गया है।

गुजरात: यहां 327 नए केस मिले हैं, 1 व्यक्ति की मौत हुई है और 360 लोग ठीक हुए हैं। बुधवार को यहां 351 नए केस मिले थे। यहां पॉजिटिविटी रेट 1.45% है।

बाकी के 5 अन्य राज्यों का हाल जान लीजिए…

छत्तीसगढ़: 102 नए मरीज मिले, रायपुर में सबसे ज्यादा 80, बिलासपुर में 40 हुई संक्रमित मरीजों की संख्या
छत्तीसगढ़ में गुरुवार को पिछले 24 घंटों में कोरोना के 102 नए मरीज मिले हैं। जिसके बाद एक्टिव मरीजों की संख्या 323 हो गई है। रायपुर में सबसे ज्यादा 80 एक्टिव केस हैं। बिलासपुर में 40 और दुर्ग में 38 एक्टिव मरीज हो गए हैं। प्रदेश में पॉजिटिविटी दर 6.12 प्रतिशत तक पहुंच गई है, जबकि 1 अप्रैल को यही दर 2.37 फीसदी थी।

हिमाचल: एक की मौत, एक्टिव केस 2 हजार के पास, हमीरपुर-मंडी में सबसे ज्यादा सक्रिय मरीज, CM बोले- मास्क पहनें
हिमाचल प्रदेश में एक और कोरोना मरीज की मौत हो गई है। वहीं पिछले 24 घंट में प्रदेश में कोरोना के 367 नए मरीज मिले। जिला शिमला में कोरोना संक्रमण से एक व्यक्ति की मौत हुई हैं। IGMC अस्पताल शिमला ने कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए तैयारियां शुरू कर दी हैं। फिलहाल 23 बेड का मेकशिफ्ट अस्पताल तैयार किया गया है।

हरियाणा: 24 घंटे में 318 मिले नए केस, 1 की मौत; 1109 हुए एक्टिव मरीज, 7.39% पहुंची पॉजिटिविटी रेट
हरियाणा में गुरुवार को कोरोना से लगातार तीसरे दिन भी एक मरीज की मौत हो गई। 24 घंटे में 318 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। एक्टिव केसों की संख्या में भी लगातार इजाफा हो रहा है। सूबे में इनकी संख्या 1109 रिकॉर्ड की गई है। पॉजिटिविटी दर में भी रिकॉर्ड बढ़ोत्तरी हुई है। 5.77% से बढ़कर 7.39 प्रतिशत पर पहुंच गई है।

पंजाब: कोरोना मरीजों की संख्या 486 पहुंची,16 जिलों में मिले 111 नए केस, 1 मौत; CM मान बोले-स्थिति कंट्रोल में
पंजाब में कोरोना के मरीजों का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। पिछले रोज पंजाब के सिर्फ 12 जिलों में ही कोरोना के मरीज मिले थे। लेकिन आज 4 जिले और बढ़ गए हैं। अब 16 जिलों में कोरोना फैल गया है। हेल्थ विभाग ने 2722 सैंपल लिए थे, इनमें से 2182 सैंपल टेस्ट करने पर 111 नए कोरोना पॉजिटिव मामले सामने आए हैं।

उत्तर प्रदेश: लखनऊ में कोरोना से महिला की मौत, सांस लेने में हुई दिक्कत, फिर ऑर्गन फेल हो गए; 7 महीने पहले हुई थीं दो मौतें
यूपी में कोरोना फिर से जानलेवा हो गया है। लखनऊ में करीब 7 महीने बाद कोरोना संक्रमित महिला की बुधवार को मौत हो गई। निजी अस्पताल की जांच रिपोर्ट में महिला कोविड पॉजिटिव मिली थी। मंगलवार को महिला को गंभीर हालत में KGMU में भर्ती किया गया था। वेंटिलेटर पर उसका इलाज चल रहा था। इस बीच उन्होंने दम तोड़ दिया।

मध्य प्रदेश: कोरोना के 26 नए पॉजिटिव, भोपाल में 12 और इंदौर में 6 मरीज मिले; कुल एक्टिव केस 164 हुए
मध्यप्रदेश में कोरोना के 26 मामले सामने आए। इसमें सबसे अधिक 12 पॉजिटिव केस भोपाल से मिले हैं। जिसके बाद शहर में एक्टिव केस की संख्या 90 हो गई है। स्टेट कोविड हेल्थ बुलेटिन के अनुसार मध्यप्रदेश में भोपाल के बाद इंदौर में 6, खंडवा में 3, नर्मदापुरम-नरसिंहपुर में 1-1 नए मरीज मिले हैं।

बिहार: 6 अप्रैल को मिले 17 नए केस, सरकारी अस्पतालों में बिना मास्क एंट्री नहीं
बिहार में अभी केवल 62 एक्टिव केस हैं। यह सभी केस 7 दिन में आए हैं। 6 अप्रैल को यहां 17 केस मिले हैं, जबकि 6 लोग रिकवर हुए हैं। हर दिन 20 से 25 हजार लोगों की जांच की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों को पूरी तरह सावधानी बरतने को कहा है। साथ ही अस्पतालों को बेड और ऑक्सीजन प्लांट की सप्लाई बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं बिना मास्क सरकारी अस्पतालों में एंट्री नहीं दी जा रही है।