Nokia Phones Delivery Libya: जरा सोचिए आपने कोई सामान आज आर्डर किया हो और उसकी डिलीवरी एक दो नहीं बल्कि 16 साल बाद हो तो कैसा लगेगा? सुनने में यह मजाक लगता होगा लेकिन लीबिया में कुछ ऐसा ही हुआ है. लीबिया की राजधानी त्रिपोली के एक मोबाइल दुकानदार को हाल ही में नोकिया फोन्स की डिलीवरी की ऐसी खेप मिली है जिसे वह सालों पहले आर्डर किया था. जैसे ही दुकान मालिक ने बॉक्स खोला उसका रिएक्शन देखकर हर कोई हैरान रह गया. यह मामला सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है.
टेक्नोलॉजी की दुनिया में हर दिन नए-नए फीचर्स के साथ एक से एक दमदार स्मार्टफोन लॉन्च हो रहे हैं. वहीं लीबिया में दुकानदार को अब 16 साल पहले यानी 2010 में आर्डर किया गया मोबाइल फोन्स की डिलीवरी मिली है. इस मामले ने सबको हैरान कर दिया है. हर कोई यह जानना चाहता है कि फोन के डिलीवरी के इतनी देरी के पीछे क्या कारण है, आखिर क्या वजह है जिसके कारण फोन 16 साल बाद डिलीवर हुआ. आइए जानते हैं.
क्यों हुई इतने सालों की देरी?
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि साल 2011 में लीबिया में छिड़े गृहयुद्ध और उसके बाद चरमराई बुनियादी सुविधाओं के कारण यह शिपमेंट इसते साल देरी से पहुंचा. लॉजिस्टिक्स की खराबी और कस्टम विभाग के बंद होने के कारण से यह फोन सालों तक गोदामों में ही बंद पड़ा रहा. हैरान कर देने वाली बात यह है कि भेजने वाला और पाने वाला दोनों ही त्रिपोली शहर में महज कुछ किलोमीटर की दूरी पर थे लेकिन इस दूरी को तय करने में पार्सल को 16 साल लग गए.
फोन हैं या ऐतिहासिक अवशेष?
अब जब 16 साल के लंबे इंतजार के बाद मोबाइल फोन का बॉक्स दुकान पर पहुंचा तो दुकानदार अपनी हंसी नहीं रोक पाया. अनबॉक्सिंग करते समय उसने मजाक में कहा कि ये फोन हैं या ऐतिहासिक अवशेष? इस शिपमेंट में उस दौर के मशहूर म्यूजिक एडिशन और नोकिया कम्युनिकेटर जैसे मॉडल्स शामिल थे जो कभी स्टेटस सिंबल माने जाते थे.
दुकानदार का रिएक्शन और यह पूरा मामला देखते ही देखते सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल होने लगी. लोग इस पर मजेदार कमेंट्स कर रहे हैं. कई यूजर्स का मानना है कि आज के दौर में ये फोन कलेक्टर आइटम बन गए हैं और इनकी कीमत ऑरिजनल से कहीं ज्यादा भी हो सकती है. वहीं कुछ लोगों ने कमेंट किया है कि इन पुराने फोन्स में कोई ट्रैकर नहीं है इसलिए ये आज के स्मार्टफोन से ज्यादा सेफ हैं.