ठंड का कहर! टूटा 13 साल का रिकॉर्ड, पारा 3 डिग्री-जानें कब मिलेगी राहत

The cold wave intensifies! A 13-year record broken, mercury drops to 3 degrees - find out when relief is expected.
The cold wave intensifies! A 13-year record broken, mercury drops to 3 degrees - find out when relief is expected.

नई दिल्ली। कड़ाके की ठंड और ऑरेंज अलर्ट के बीच रविवार को राजधानी में शीत लहर चली। कुछ स्थानों पर न्यूनतम तापमान 3.0 डिग्री सेल्सियस से नीचे गिर गया। वहीं एनसीआर के रेवाड़ी में यह माइनस में दर्ज किया गया। अगले दो दिन भी ऐसी ही स्थिति रहने की संभावना है।

रविवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.6 डिग्री कम 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान सामान्य से 1.1 डिग्री कम 18.8 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा में नमी का स्तर 100 से 53 रिकार्ड किया गया। पालम, रिज और आयानगर का न्यूनतम तापमान 4.0 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया, कुछ स्थानों पर भीषण शीतलहर की स्थिति देखी गई। वहीं एनसीआर में रेवाड़ी का न्यूनतम तापमान माइनस में -0.6 डिग्री दर्ज किया गया।

पालम में न्यूनतम तापमान 13 वर्षों में सबसे कम दर्ज किया गया। यहां तापमान सामान्य से 4.3 डिग्री कम 3.0 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इससे पहले पालम में सात जनवरी, 2013 को न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। हालांकि पालम में अब तक का सबसे कम न्यूनतम तापमान -2.2 डिग्री सेल्सियस है, जो 11 जनवरी 1967 को दर्ज किया गया था।

आंकड़े बताते हैं कि शहर में आयानगर सबसे ठंडा स्थान रहा। जहां न्यूनतम तापमान 2.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.2 डिग्री कम था, जबकि यहां का अधिकतम तापमान 18.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.1 डिग्री कम था।

अधिकतम तापमान 18.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज
रिज क्षेत्र का न्यूनतम तापमान 3.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.4 डिग्री कम था, जबकि अधिकतम तापमान 18.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.1 डिग्री कम था।

लोधी रोड पर अधिकतम तापमान 18.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.2 डिग्री कम था, जबकि न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.4 डिग्री कम था।

मौसम विभाग ने पूर्वानुमान लगाया है कि शीतलहर की स्थिति बनी रहेगी। सोमवार को न्यूनतम तापमान चार डिग्री जबकि अधिकतम 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार शीतलहर की स्थिति तब घोषित की जाती है जब न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस और 6.4 डिग्री सेल्सियस के बीच गिर जाता है।