अखिलेश यादव ने की भविष्यवाणी, यूपी में कांग्रेस को मिलेंगी इतनी सीटें

इस खबर को शेयर करें

झांसी। यूपी में दोबारा सत्ता हासिल करने के लिए समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ताबड़तोड़ रैलियां और बैठकें कर रहे हैं। शुक्रवार को बुंदेलखंड के झांसी में अखिलेश ने समाजवादी विजय रथयात्रा निकाली और भाजपा पर कई हमले किये। इस दौरान कांग्रेस को लेकर भविष्यवाणी भी कर दी। अखिलेश ने दावा किया कि कांग्रेस की जो हालत है, जनता उनको नकार देगी। यूपी में कांग्रेस को जीरो (शून्य) सीटें मिलेंगी।

अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी ने पिछला विधानसभा चुनाव कांग्रेस के साथ मिलकर ही लड़ा था। हालांकि इसका कोई फायदा सपा या कांग्रेस को नहीं हुआ। इस बार सपा ने छोटे दलों के साथ मिलकर मैदान में उतरने का फैसला किया है। जयंत चौधरी की रालोद, ओमप्रकाश राजभर की सुभासपा, अपना दल कृष्णा पटेल गुट समेत कई दलों से उनकी बातचीत भी फाइनल हो गई है।

झांसी में मीडिया से बात करते हुए एक सवाल के जवाब में अखिलेश यादव ने कहा कि मुझे कांग्रेस पार्टी का रोल नहीं पता है। जनता उन्हें नकार देगी, हो सकता है उनकी गिनती शून्य हो जाए। अखिलेश ने भाजपा पर हमला करते हुए कहा कि अगर समाजवादी पार्टी 22 महीने में एक्सप्रेस-वे बना सकती है तो बीजेपी को उसी काम को करने में 4.5 साल क्यों लगे? ऐसा इसलिए क्योंकि वे यूपी में लोगों के कल्याण के लिए काम नहीं करना चाहते हैं।

अखिलेश ने कहा कि सरकार ने अगर अपना वादा पूरा किया होता तो लॉकडाउन में जनता और नौजवानों को परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ता। ये तो कह रहे थे कि लैपटॉप, मोबाइल देंगे, लेकिन क्यों देंगे? हमारे बाबा मुख्यमंत्री तो लैपटॉप चलाना ही नहीं जानते, अगर जानते तो उसकी अहमियत को समझते।

अखिलेश ने कहा कि भारत सरकार के जो आंकडे हैं उनमें कम से कम ये बताना चाहिए कि भारत में महिलाओं और बेटियों पर सबसे ज्यादा अन्याय कहां हैं? वो उत्तर प्रदेश है। फर्ज़ी एनकाउंटर में सबसे ज्यादा नोटिस अगर किसी सरकार को मिले हैं तो वो उत्तर प्रदेश सरकार है।