BIG NEWS: मॉस्को में बडा आतंकी हमला, 60 की मौके पर मौत, 150 घायल, पीएम मोदी ने रूस को…

BIG NEWS: Major terrorist attack in Moscow, 60 died on the spot, 150 injured, PM Modi appealed to Russia...
BIG NEWS: Major terrorist attack in Moscow, 60 died on the spot, 150 injured, PM Modi appealed to Russia...
इस खबर को शेयर करें

मॉस्को: रूस की राजधानी मॉस्को के पास क्रोकस सिटी हॉल में भीषण आतंकी हमला हुआ है। हमले में अब तक 60 लोगों के मरने की सूचना है, जबकि 145 लोग घायल हुए हैं। पिछले कुछ वर्षों में ये रूस में हुआ सबसे बड़ा हमला है। क्रोकस सिटी हॉल के कॉन्सर्ट हॉल में एक संगीत कार्यक्रम के लिए लोगों की भीड़ जमा थी। इसी दौरान हथियारों से लैस आतंकी हॉल में घुस आए और लोगों को निशाना बनाकर गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। इसके बाद उन्होंने बिल्डिंग में आग लगा दी। आइए जानते हैं कि पूरा घटनाक्रम कैसे हुआ और अब तक क्या-क्या पता चला है।

क्रोकस सिटी हॉल मॉस्को क्षेत्र में सबसे बड़े और सबसे लोकप्रिय संगीत स्थलों में से एक है। 6000 लोगों की क्षमता वाले इस कॉन्सर्ट हॉल में शुक्रवार को रॉक बैंड ‘पिकनिक’ परफॉर्म करने वाला था। म्यूजिक शो देखने के लिए हॉल में भारी भीड़ मौजूद थी।

कार्यक्रम शुरू होने के कुछ मिनट पहले ही अज्ञात बंदूकधारी आतंकी हॉल में घुस आए और वहां मौजूद भीड़ पर गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। माना जा रहा है कि हमले में 5 हमलावर शामिल थे।

रूसी मीडिया के अनुसार, रूस की जांच एजेंसी के एक प्रवक्ता ने शनिवार सुबह कहा कि साठ लोग मारे गए। यह संख्या बढ़ सकती है। पहले अधिकारियों ने कहा था कि कम से कम 145 लोग घायल हुए हैं।

समाचार एजेंसी रिया ने मॉस्को के गवर्नर एंड्री वोरोब्योव के हवाले से कहा कि 110 वयस्कों और पांच बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से 60 वयस्कों की हालत गंभीर है।

आतंकवादी समूह ने इस्लामिक स्टेट (आईएसआईएस) ने हमले की जिम्मेदारी ली है। समूह से जुड़ी एजेंसी आमाक ने टेलीग्राम पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी है। पोस्ट में बताया है कि हमलावर बाद में भागने में सफल रहे थे।

रूस के नेशनल गार्ड्स ने क्रोकस सिटी हॉल पर हमला करने वालों की तलाश शुरू कर दी है। एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि तलाशी के दौरान आतंकी नहीं मिले।

घटनास्थल से वीडियो सामने आए हैं, जिसमें बंदूकधारी स्वचालित हथियारों से फायरिंग कर रहे हैं। वहीं, घबराए लोग अपनी बचाने के लिए भाग रहे हैं। एक प्रत्यक्षदर्शी ने स्पुतनिक को बताया कि हमलावर लोगों को सीधे गोली मार रहे थे।
हमलावरों ने पेट्रोल बम फेंककर बिल्डिंग में आग लगा दी। सरकारी समाचार एजेंसी टीएएसएस ने बताया कि लगभग पूरी इमारत आग की लपटों में घिरी हुई थी। लोग इमारत के अंदर ही रह गए थे और कुछ लोग छत पर फंसे हुए थे।
रूस की समाचार एजेंसी रशिया 24 ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि आग लगने के चलते कॉन्सर्ट हॉल की छत का एक हिस्सा ढह गया।

घटना के बाद रूसी सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर रखी है और आतंकियों की तलाश के लिए अभियान चलाया जा रहा है। क्रेमलिन ने बताया है कि हमले के कुछ देर बाद ही राष्ट्रपति पुतिन को जानकारी दी गई।