Tejas Fighter Jet Crash: दुबई एयर शो में भारतीय एचएएल तेजस विमान प्रदर्शन उड़ान के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। दोपहर करीब 2:10 बजे हुई इस घटना के बाद हवाई अड्डे पर काला धुआं छा गया। मौके पर मौजूद दर्शक, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे, इस हादसे को देखकर स्तब्ध रह गए।
दुबई एयरशो में तेजस लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त (फोटो सोर्स- सोशल मीडिया) डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दुबई एयर शो में शुक्रवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया, जब उड़ान प्रदर्शन के दौरान तेजस लड़ाकू विमान क्रैश हो गया। हादसे के तुरंत बाद अल मकतूम इंटरनेशनल एयरपोर्ट के ऊपर काले धुएं का गुबार उठता दिखा।
प्रत्यक्षदर्शियों और वीडियो के मुताबिक यह दुर्घटना स्थानीय समयानुार दोपहर करीब 2:10 बजे हुई। तेजस, हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) द्वारा विकसित एक सिंगल-सीट लाइट कॉम्बैट एयरक्राफ्ट है। क्या है पायलट की स्थिति? समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने दुबई मीडिया कार्यालय के हवाले से बताया कि दुबई एयर शो में भारतीय जेट विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से एक पायलट की मौत हो गई है। बता दें, दुबई एयर शो दुनिया के सबसे बड़े एविएशन इवेंट्स में से एक है और इस सप्ताह इसमें कई बड़े अरबों डॉलर के विमान सौदे भी हुए हैं।