Rohini Acharya: बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के परिवार में जमकर तनाव देखने को मिल रहा है। उनकी बेटी रोहिणी आचार्य ने पार्टी और परिवार को अलविदा कहकर पटना छोड़ दिया है। बड़े बेटे तेज प्रताप यादव को पार्टी से निकाले जाने के बाद, जो पार्टी और घर का विवाद दबी जुबान में लोगों के बीच चर्चा का विषय था, अब चुनाव नतीजों के बाद रोहिणी के खुलकर सामने आने पर पूरे मीडिया में छा गया है। लोगों में नई सरकार से ज्यादा चर्चा इस बात की है कि अब लालू यादव के परिवार में आगे क्या होगा।
तेजस्वी यादव और उनके सहयोगियों पर अभद्रता का आरोप लगाने वाली रोहिणी आचार्य को लेकर अब लोगों के मन में भी उनकी निजी जिंदगी को लेकर जिज्ञासा जाग गई है। खासकर उनकी राजनीति से दूर की जिंदगी के बारे में। रोहिणी लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी की संतान हैं, जिनकी शादी लालू के खास दोस्त भारतीय राजस्व सेवा के अधिकारी राव रणविजय सिंह के बेटे समरेश सिंह से हुई थी।
दोस्ती को रिश्तेदारी में बदला
कई रिपोर्ट्स के मुताबिक लालू प्रसाद यादव और राव रणविजय सिंह की दोस्ती काफी घनिष्ठ है। प्रशासनिक हलकों में सम्मानित नाम रहे रणविजय सिंह ने यूपीएससी पास करके भारतीय राजस्व सेवा में काम किया है। मूल रूप से औरंगाबाद के दौंघर के रहने वाले सिंह ने कई सालों तक सरकार की सेवा की है। इसके अलावा उनकी पत्नी और रोहिणी की सास एक प्रोफेसर थीं, जिसकी वजह से उनके परिवार की शैक्षणिक पृष्ठभूमि और भी ज्यादा मजबूत हो जाती है।
बिहार चुनाव 2025 की ताज़ा ख़बरों के लिए यहां क्लिक करें।
लालू यादव और राव रणविजय की इसी दोस्ती ने रोहिणी आचार्य और समरेश सिंह की शादी के लिए एक पुल का काम किया है। साल 1999 में राबड़ी देवी के मुख्यमंत्री रहते हुए समरेश सिंह और रोहिणी का रिश्ता पक्का हो गया। उस समय पर रोहिणी जमशेदपुर के एमजीएम मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही थीं। रोहिणी की पढ़ाई पूरी होने के बाद 24 मई 2002 को समरेश सिंह के साथ उनकी भव्य तरीके से शादी हुई।
समरेश सिंह ने दिल्ली विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र की पढ़ाई की और उसके बाद यहीं से पोस्ट ग्रेजुएशन भी किया। इसके बाद वह उन्होंने इनसीड बिजनेस स्कूल से एमबीए किया और पत्नी के साथ अमेरिका चले गए। वहां पर कुछ समय काम करने के बाद यह दंपत्ति सिंगापुर आ गया और सिंगापुर को ही अपना ठिकाना बना लिया। वर्तमान में वह अपनी पत्नी रोहिणी और अपने तीन बच्चों, बेटी अनन्या और दो बेटों आदित्य और अरिहंत के साथ सिंगापुर में ही रहते हैं। वर्क फ्रंट बात करें तो समरेश वर्तमान में सिंगापुर स्थित एवरकोर इनवेस्टमेंट बैंकिंग में एक वरिष्ठ अधिकारी के तौर पर काम कर रहे हैं। इससे पहले भी वह कई जगहों पर अच्छी जगह पर रहे हैं।
पिता को किडनी दान कर चर्चा में आई थीं रोहिणी
रोहिणी सबसे पहले उस वक्त चर्चा में आई थीं, जब 2022 में उन्होंने अपने पिता को किडनी दान करके पूरे देश की प्रशंसा हासिल की थी। इसके बाद पिछले लोकसभा चुनाव में उन्होंने सारण लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा, जिसमें उन्हें हार का सामना करना पड़ा।
हाल में जब रोहिणी घर से निकलीं, तो उन्होंने किडनी वाले वाकये का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि उनसे कहा गया है कि उन्होंने अपनी गंदी किडनी पिता (लालू यादव) को लगवा दी है। उसी किडनी के बदले में उन्होंने टिकट लिया है। फिलहाल, लालू परिवार की यह बेटी बिहार की राजनीति से दूर अपने ससुराल में है।