मानसून थमने से बिहार भीषण गर्मी की चपेट में, आज 8 जिलों में लू का अलर्ट

Bihar in the grip of severe heat due to stoppage of monsoon, heat wave alert in 8 districts today
Bihar in the grip of severe heat due to stoppage of monsoon, heat wave alert in 8 districts today
इस खबर को शेयर करें

पटना। Bihar Weather Today: बिहार में मॉनसून के ठहर जाने से दो तरह का मौसम बना हुआ है। एक तरफ भीषण गर्मी हो लग रही है, तो वहीं दूसरी ओर जमकर बारिश हो रही है। पूर्णिया के रास्ते बिहार में प्रवेश करने के बाद मॉनसून ठहर गया है। इसके आगे नहीं बढ़ने से उत्तर और पूर्वी जिलों को छोड़कर अन्य इलाकों में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। मौसम विभाग ने आज भी 8 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। एक दिन पहले 15 जिलों में भीषण गर्मी देखी गई।

मौसम विभाग का अनुमान है कि उत्तर पूर्व बिहार के जिलों को छोड़कर गुरुवार को भी राज्य के अधिकतर जिले भीषण गर्मी का प्रकोप झेलेंगे। नवादा, शेखपुरा, औरंगाबाद और भोजपुर में सिवियर हीट वेव का औरेंज अलर्ट है, जबकि गया, सीवान, नालंदा और रोहतास जिलों हीट वेव यानी उष्ण लहर की स्थिति रहेगी। वहीं सुपौल, मधेपुरा, अररिया, किशनगंज, कटिहार और पूर्णिया मे एक दो जगहों पर बारिश का अनुमान है।

पटना सहित 10 जिलों में बुधवार को लू की स्थिति रही, जबकि पांच जिलों में भीषण लू की स्थिति रही। पटना में अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री पर पहुंच गया। बुधवार को इस सीजन का दूसरा सबसे गर्म दिन रहा। इसी हफ्ते पटना का अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री पहुंचा था। बुधवार को पटना के अधिकतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई। पटना में पछुआ के प्रचंड वेग के बीच आसमान से बरसती आग से लोग परेशान रहे।

कुछ दिनों तक मानसून की तेज चाल के बाद आई सुस्ती से पटना सहित राज्य के अधिकतर जिलों में भीषण गर्मी का प्रकोप बना हुआ है। राजधानी सहित 15 जिलों में अधिकतम तापमान रिकॉर्ड तोड़ रहा है। मौसम विभाग ने विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। 44.1 डिग्री के साथ शेखपुरा प्रदेश का सर्वाधिक गर्म शहर रहा।