‘पड़ोसन के घर जाइये.. बच्चा वहीं मिलेगा..’ पहुंची पुलिस.. तलाशी के दौरान बोरे पर पड़ी नजर और फिर..

बिहार के शिवहर से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है. यहां 2 साल के मासूम की हत्या कर दी गई. बच्चे का शव बोरे में बंद हालत में पड़ोसन के घर के छज्जे के पास से बरामद किया गया, जिससे पूरे गांव में सनसनी फैल गई है.

पिता नागालैंड में करते हैं मजदूरी: मृतक बच्चे के पिता नागालैंड में मजदूरी करते हैं, जबकि उनकी पत्नी गांव में रहकर बच्चों का पालन-पोषण करती हैं. परिवार में एक तीन साल की बेटी और 2 साल का बेटा था.

मासूम की मौत से कोहराम
13 मार्च की सुबह से गायब था बच्चा: ग्रामीणों के अनुसार 13 मार्च की सुबह करीब 10 बजे से ही बच्चा लापता था. परिवार और ग्रामीण उसकी खोजबीन कर रहे थे, लेकिन काफी तलाश के बाद भी बच्चे का कोई पता नहीं चल सका. इसके बाद मामले की सूचना शिवहर थाना पुलिस को दी गई.

किसी ने पुलिस को दी गुप्त सूचना: सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की. इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि मृतक बच्चे के रिश्ते में लगने वाली चाची के घर से बच्चे के शव के संबंध में कुछ सुराग मिल सकते हैं. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बच्चे की चाची (पड़ोसन) के घर की तलाशी ली. तलाशी के दौरान घर के छज्जे के पास एक बोरे में बंद मासूम का शव बरामद किया गया.

“पहले से चल रहे विवाद के कारण ही आरोपी महिला ने मासूम की हत्या कर दी. शव को बोरे में बंद कर घर के छज्जे के पास छिपा दिया. हम मांग करते हैं कि आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए.”- मृत बच्चे के मामा

FSL की टीम जुटा रही साक्ष्य: घटना की सूचना मिलते ही शुभांक मिश्रा, सुशील कुमार, नगर थाना अध्यक्ष रणधीर कुमार सिंह समेत कई थानों की पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल शिवहर भेज दिया है. घटना के बाद गांव में एहतियातन भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है.

बच्चे की मां और पड़ोसन के बीच विवाद: ग्रामीणों का आरोप है कि चंद किशोर शाह की पत्नी ने ही गला दबाकर बच्चे की हत्या कर दी है. बताया जा रहा है कि जमीन संबंधी विवाद को लेकर बच्चे की मां और पड़ोसन के बीच पहले से अक्सर झगड़ा होता रहता था.

‘बदले की भावना से की गई हत्या’-SP: एसपी ने बताया कि थाना अध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संबंधित घर में सर्च अभियान चलाया. तलाशी के दौरान वहां से एक बोरा बरामद हुआ, जिसमें करीब दो साल के बच्चे का शव मिला. प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी महिला ने यह स्वीकार किया है कि पड़ोस में रहने वाली महिला जो उसकी देवरानी लगती है, उससे चल रहे विवाद और बदले की भावना में उसने बच्चे की हत्या कर दी.

“शिवहर थाना क्षेत्र के ताजपुर गांव से सुबह करीब 11 बजे सूचना मिली थी कि दो साल का बच्चा सुबह से गायब है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम द्वारा बच्चे की तलाश शुरू कर दी गई थी. इसी दौरान एक गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि दो परिवारों के बीच पहले से विवाद चल रहा था और वहां तलाशी लेने पर अहम सुराग मिल सकता है.”- शुभांक मिश्रा, एसपी

बच्चे के गले में निशान: उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर एफएसएल टीम को बुलाकर जांच कराई गई है और सभी साक्ष्यों को एकत्र किया जा रहा है. शव की स्थिति देखने से प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत हो रहा है कि बच्चे की गला दबाकर हत्या की गई है. गले पर कुछ स्क्रैच मार्क भी पाए गए हैं और शव का रंग भी नीला पड़ गया था.

आरोपी महिला गिरफ्तार: हालांकि मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा. पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है.