मुजफ्फरपुर 1 महीने से लापता महिला के शव को नोचते रहे कुत्ते, पुलिस को नहीं लग पाई भनक

मुजफ्फरपुर। थाना क्षेत्र के कन्हारा हरदास गांव से एक माह पूर्व लापता महिला का शव कुत्ते नोच-नोचकर खाते रहे, लेकिन बोचहां पुलिस उसे ढूंढ़ नहीं पाई। शुक्रवार की सुबह घर से महज 300 मीटर दूर एनएच-27 पर पुल के नीचे से महिला का सड़ा-गला शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

शव की स्थिति इतनी भयावह थी कि देखने वालों की रूह कांप गई। सूचना पर पहुंची पुलिस को ग्रामीणों का आक्रोश भी झेलना पड़ा। बताया जाता है कि कन्हारा हरदास गांव के रामज्ञानी महतो की पत्नी कलवा देवी (75 वर्ष) एक महीने पहले घर से लापता हुई थी।

काफी खोजबीन के बाद जब वह नहीं मिली तो परिवार के लोगों ने क्षेत्र में माइकिंग भी करवाई और बोचहां थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। मृतका के स्वजन का आरोप है कि पुलिस ने इस मामले में कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई। अगर समय रहते पुलिस सक्रिय होती तो शायद कलवा देवी की जान बच सकती थी।

शुक्रवार सुबह जब पुल के नीचे से तेज दुर्गंध आई, तब ग्रामीणों ने जाकर देखा। कलवा देवी का शव आधा गल चुका था। उसके दोनों पैर, एक हाथ और चेहरे का हिस्सा पूरी तरह गायब था। स्थानीय लोगों का मानना है कि भटकती हुई महिला पर आवारा कुत्तों ने हमला किया होगा और उसे घसीटकर पुल के नीचे ले गए होंगे, जहां उसे अपना निवाला बना लिया।

घटना की सूचना मिलते ही बोचहां थानाध्यक्ष श्रीकांत चौरसिया दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और पुल के नीचे फंसे क्षत-विक्षत शव को बाहर निकलवाया। इस दौरान पुलिस को मृतका के स्वजन और ग्रामीणों के भारी आक्रोश का सामना करना पड़ा।

लापरवाही का आरोप लगाने के बाद पुलिस के साथ काफी देर तक तीखी बहस हुई। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कोशिश की, लेकिन मृतका के स्वजन ने साफ इनकार कर दिया। ग्रामीणों का कहना था कि जब लापता होने पर पुलिस ने मदद नहीं की, तो अब वे शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे और क्षत-विक्षत नहीं होने देना चाहते।