बिहार में एक जनवरी तक स्कूलों में छुट्टी, भीषण ठंड को लेकर शिक्षा विभाग का फैसला

पटना: बिहार में कड़ाके की ठंड पड़ रही है. ऐसे में शिक्षा विभाग ने स्कूल बंद करने का आदेश जारी किया है. अलग-अलग जिलों में स्कूल बंद रखने के अलग-अलग तारीख तय की गयी है. इन जिलों में निर्धिातिर तिथि को स्कूल में पठन-पाठन का काम बंद रखने का आदेश दिया गया है.

पटना में 30 दिसंबर तक स्कूल बंद: पटना में जिला प्रशासन ने 30 दिसंबर तक स्कूल बंद रखने का आदेश दिया है. कक्षा 8वीं से नीचे के छात्र-छात्राओं के लिए छुट्टी रहेगी. इससे ऊंचे वर्ग के छात्र-छात्राओं के लिए समय में बदलाव किया गया है. सीनियर छात्र-छात्राओं के कक्षाओं का संचालन सुबह 10 बजे से शाम 3:30 बजे तक किया जाएगा.

गोपालगंज में 31 दिसंबर तक स्कूल बंद: गोपालगंज में ठंड को देखते 29 दिसंबर से 31 दिसंबर तक जिले के सभी सरकारी व निजी विद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियों पर प्रतिबंध रहेगा. 9वीं से ऊपर की कक्षाएं सुबह 10:00 बजे से पहले और शाम 4:30 बजे तक संचालित होंगी. प्री-बोर्ड, बोर्ड परीक्षा एवं उनसे संबंधित विशेष कक्षाएं इस आदेश से मुक्त रहेगी. इसकी जानकारी प्रभारी डीएम निशांत कुमार विवेक दी.

छपरा में 31 दिसंबर तक स्कूल बंद: छपरा वर्त्तमान में जारी शीतलहर के आलोक में जिला दंडाधिकारी सारण ने जिले के सभी विद्यालयों में (आंगनबाड़ी सहित) कक्षा 9वीं तक पठन पाठन गतिविधि पर रोक लगाया है. जिले के स्कूल 31 दिसंबर तक बंद रखने का आदेश है. 10वीं से ऊपर की कक्षाएं 10 से 04.30 के बीच संचालित होंगी. सारण जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने इसकी जानकारी दी.

मोतिहारी में 1 जनवरी तक स्कूल बंद: सीतामढ़ी में शीतलहर से राहत नहीं, जिले में 12वीं तक के सभी निजी, सरकारी स्कूल, कोचिंग संस्थान 31 दिसंबर तक बंद रहेंगे. मोतिहारी में एक जनवरी तक सभी निजी विद्यालय और कोचिंग संस्था 1 जनवरी तक बंद रहेंगे. जहानाबाद में 31 दिसंबतर तक स्कूल बंद रहेंगे.

कोल्ड डे का अलर्ट: बिहार मौसम विभाग ने राज्य में कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया है. रविवार को राज्य का अधिकतम तापमान 13 से 18 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया है. पछुआ हवा के कारण कनकनी बरकरार है.