बिहार में BMSICL के डीजीएम के ठिकानों पर SVU का छापा, आय से अधिक संपत्ति मामले में हुई कार्रवाई

विशेष निगरानी इकाई ने बिहार मेडिकल सर्विसेज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीएमएसआईसीएल) के डीजीएम (प्रोजेक्ट) पंकज कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में मामला दर्ज किया है।

विशेष निगरानी इकाई ने पंकज कुमार के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 13(1)(b), 13(2) और 12 के तहत कांड संख्या 10/2026 दर्ज किया है।

जांच एजेंसी के अनुसार, पंकज कुमार ने बिहार सरकार में लोक सेवक के रूप में विभिन्न पदों पर लगभग 11 वर्षों की सेवा अवधि के दौरान अपने ज्ञात कानूनी आय स्रोतों से अधिक करीब 96 लाख 46 हजार 666 रुपये की अवैध संपत्ति अर्जित की है।

इस मामले में विशेष न्यायाधीश, निगरानी, पटना द्वारा जारी तलाशी वारंट के आधार पर गुरुवार को पटना स्थित आरोपी के कार्यालय और आवासीय परिसरों में एक साथ छापेमारी की कार्रवाई की जा रही है।

निगरानी टीम द्वारा दस्तावेजों और संपत्ति से जुड़े साक्ष्यों की जांच की जा रही है। तलाशी अभियान के दौरान बरामद होने वाली सामग्री के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।