Bihar Aaj Ka Mausam: बिहार में अभी बारिश का दौर आगे भी देखने को मिलेगा. अक्टूबर के पहले सप्ताह में भयंकर बारिश होने की संभावना जताई गई है. इस कारण से दशहरे का जश्न भी बारिश के पानी में धुल जाएगा. मौसम विभाग की चेतावनी के बाद लोगों का कहना है कि इस रावण आग से नहीं बल्कि पानी से मरेगा.
मौसम विभाग ने अक्टूबर के पहले सप्ताह के अंदर बिहार में भारी बारिश की संभावना जताई है. मौसम विभाग का कहना है कि सीमांचल के जिलों में आज (01 अक्टूबर) से बारिश का दौर शुरू होगा और धीरे धीरे पूरे बिहार को अपने चपेट में ले लेगा.
कल यानी दशहरा वाले दिन पूरे बिहार में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है. इस दौरान 30 से 40 किमी. की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं. यानी दशहरा मेला का मजा बारिश के पानी में धुलने वाला है.
मौसम विभाग का कहना है कि पूरे बिहार में 2 अक्टूबर से 07 अक्टूबर तक भारी बारिश होने के आसार हैं. कई जिलों में तेज हवाओं और गरज-तड़क के साथ ठनका (आसमानी बिजली) गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है.
मौसम विभाग ने आज (बुधवार, 01 अक्टूबर) को प्रदेश के सात जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. इन सात जिलों में किशनगंज, अररिया, कटिहार, पूर्णिया, भागलपुर, मधेपुरा और सुपौल शामिल हैं.
अक्टूबर के पहले सप्ताह में मानसून के सक्रिय होने की शुरुआत मंगलवार (30 सितंबर) की रात से ही देखने को मिला. दक्षिण बिहार के पूर्वी एवं मध्य इलाकों के कई जिलों में रात से ही बारिश शुरू हो चुकी है.
हालांकि, मंगलवार को राजधानी पटना में तेज धूप और गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया. दिन का पारा 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. इससे लोग पसीने से भीगते नजर आए. मौसम में बदलाव का सबसे ज्यादा असर उत्तर बिहार में होगा.