Gold-Silver Price Latest Update: अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते से जुड़ी खबर आने के बाद सोमवार को सोना-चांदी दोनों में ही जबरदस्त तेजी देखी गई थी. लेकिन अब एक दिन बाद मंगलवार को सोने के दाम में बड़ी गिरावट देखी जा रही है. मंगलवार सुबह कॉमेक्स (comex) पर सोना 20 डॉलर प्रति औंस तक टूट गया. इस गिरावट के साथ दाम गिरकर 4,332 डॉलर प्रति औंस पर आ गए. इसके अलावा चांदी भी नीचे गिर गई और टूटकर 70 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आ गई. यूएस और ईरान के बीच शांति समझौते पर बात बनने की खबर आने के बाद सोमवार को सोने के दाम में तेजी देखी गई थी. तेजी के बाद सोना चढ़कर 4350 डॉलर के करीब पहुंच गया था.
पिछले दिनों अमेरिकी जॉब मार्केट के आंकड़े उम्मीद से बेहतर आने के बाद सोने के दाम में बड़ी गिरावट देखी गई थी. इसके बाद सोना टूटकर 4100 डॉलर प्रति औंस पर आ गया था. इंटरनेशनल लेवल पर रेट में आने वाले उतार-चढ़ाव का असर घरेलू बाजार पर भी देखने को मिलता है. अक्सर जंग के दौरान सोने के दाम में तेजी देखी जाती है. लेकिन इस बार सोने ने जियो-पॉलिटिकल टेंशन के बीच उल्टा बिहेव किया है. इस दौरान सोने के दाम में गिरावट देखी गई.
जनवरी में 5600 डॉलर प्रति औंस पर था सोना
जंग के दौरान सोने में गिरावट का आलम कैसा रहा? इसका अंदाजा आप इसी से लगा सकते हैं कि जनवरी में 5600 डॉलर प्रति औंस (घरेलू में करीब 1.92 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम) पर पहुंचने वाला सोना युद्ध शुरू होने के बाद 4100 डॉलर प्रति औंस तक टूट गया. इसके बलावा चांदी का रेट भी एक समय चढ़कर 4 लाख रुपये प्रति किलो के पार पहुंच गया था. आज इंटरनेशनल मार्केट में आई गिरावट का असर घरेलू बाजार में भी दिखाई देने की उम्मीद है.
सोना और चांदी दोनों की कीमत में तेजी देखी गई
इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) की वेबसाइट पर सोमवार शाम को सोना और चांदी दोनों की ही कीमत में तेजी देखी गई. IBJA की तरफ से दिन में दो बार 12 बजे और शाम को 5 बजे रेट जारी किये जाते हैं. https://ibjarates.com/ के अनुसार सोमवार शाम को 24 कैरेट वाला सोना महंगा होकर 150646 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ. इसके अलावा 23 कैरेट गोल्ड का रेट 150043 रुपये प्रति 10 ग्राम, 22 कैरेट गोल्ड का रेट 137992 रुपये प्रति 10 ग्राम पर और 18 कैरेट गोल्ड चढ़कर 112985 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया. चांदी के दाम में भी तेजी आई और यह चढ़कर 251488 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई.
सोने के दाम में आएगी गिरावट?
जानकारों का कहना है कि सोने-चांदी के दाम में आने वाले समय में और गिरावट आ सकती है. स्टेट स्ट्रीट इन्वेस्टमेंट मैनेजमेंट के कमोडिटी एनालिस्ट आकाश दोशी का कहना है कि फिलहाल सोने की कीमत के लिए दो चुनौतियां सामने दिख रही हैं. पहला अमेरिकी फेड रिजर्व की तरफ से ब्याज दर में बढ़ोतरी किये जाने की उम्मीद है. इसके अलावा, डॉलर में तेजी भी सोने के लिए अच्छी खबर नहीं है. इन दो कारण से आने वाले समय में सोने की कीमत पर दबाव दिखाई दे सकता है.
बेस इम्पोर्ट प्राइस में किया इजाफा
सरकार ने हालिया कदम के तहत सोने और चांदी के बेस इम्पोर्ट प्राइस (Base Import Prices) में भारी इजाफा किया है. CBIC की तरफ से जारी ऑफिशियल नोटिफिकेशन के अनुसार सोने का बेस इम्पोर्ट प्राइस 5 डॉलर प्रति 10 ग्राम बढ़कर नई कीमत 1,348 डॉलर प्रति 10 ग्राम हो गई. दूसरी तरफ चांदी का बेस इम्पोर्ट प्राइस 83 डॉलर प्रति किलो बढ़कर नई कीमत 2,175 डॉलर प्रति किलो पर पहुंच गई. इससे पहले सरकार ने विदेशी मुद्रा भंडार को मजबूत करने के लिए सोने-चांदी के आयात पर कस्टम ड्यूटी में इजाफा किया था. सरकार ने इसे एक ही झटके में 6 प्रतिशत से बढ़ाकर सीधा 15 प्रतिशत कर दिया था.