छत्तीसगढ़ में NIA की बड़ी कार्रवाई, एजेंसी ने 4 नक्सलियों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया

रायपुरः छत्तीसगढ़ में नेशनल इंवेस्टीगेशन एजेंसी (एनआईए) ने बड़ी कार्रवाई की है। एजेंसी ने राज्य के बीजापुर जिला पुलिस के एक ‘गोपनीय सैनिक’ की हत्या के संबंध में भाकपा (माओवादी) के चार और नक्सलियों के खिलाफ शनिवार को आरोप-पत्र दाखिल किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

बता दें कि गोपनीय सैनिक को पुलिस भर्ती करती है। इनको स्थानीय युवाओं में से खुफिया जानकारी जुटाने और बस्तर क्षेत्र में नक्सल-रोधी अभियानों में सहायता करने के लिए भर्ती किए जाते हैं। इसी तरह के एक गोपनीय सैनिक की हत्या किए जाने के मामले में कार्रवाई की है।

इन आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट जारी की
अधिकारियों ने बताया कि छत्तीसगढ़ के जगदलपुर स्थित एक अदालत में दाखिल आरोप-पत्र में राजू कुरसम, सुक्कू कुरसम, शंकर कुरसम और मन्नू कुरसम पर भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) और गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत आरोप लगाए गए हैं। एजेंसी द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है कि इससे पहले इस मामले में चार अन्य लोगों के खिलाफ आरोप-पत्र दाखिल किया गया था।

गोपनीय सैनिक के हत्या की वजह
पीड़ित छोटू उर्फ किशन कुरसम की हत्या प्रतिबंधित संगठन भाकपा (माओवादी) के सदस्यों द्वारा दिसंबर 2023 में आत्मसमर्पण करने वाले कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनता के बीच भय और आतंक फैलाने के लिए की गई थी।