अमृतसर: पंजाब के अमृतसर में आम आदमी पार्टी (AAP) के एक सरपंच की गोली मारकर हत्या कर दी गई. वारदात के बाद दोनों शूटर पंजाब से भागकर छत्तीसगढ़ पहुंच गए थे और रायपुर में अपने रिश्तेदारों के घर छिपकर रह रहे थे. रविवार को रायपुर पुलिस और पंजाब पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के दौरान दोनों शूटरों को गिरफ्तार कर लिया गया.
पुलिस जांच के दौरान पता चला
जानकारी के मुताबिक, तकनीकी इनपुट और लोकेशन ट्रेस करने के बाद पंजाब पुलिस को पता चला कि आरोपी रायपुर में अपने रिश्तेदार के घर छिपे हुए हैं. दोनों शूटरों की लोकेशन राजेंद्र नगर स्थित ऋषभ अपार्टमेंट में मिली. लोकेशन की पुष्टि होने के बाद पंजाब और रायपुर पुलिस ने वहां छापेमारी की.
इस दौरान शूटर सुखराज और कर्मवीर को ऋषभ अपार्टमेंट से गिरफ्तार कर लिया गया. पंजाब पुलिस ने दोनों को रायपुर की अदालत में पेश किया, जहां से ट्रांजिट रिमांड लेकर उन्हें अमृतसर के लिए रवाना कर दिया गया है. उधर, रायपुर पुलिस शूटरों के रिश्तेदारों से पूछताछ कर रही है. हत्या की साजिश, गैंग नेटवर्क और अन्य दोषियों की तलाश जारी है.
DGP गौरव यादव ने किए बड़े खुलासे
पंजाब के अमृतसर में आम आदमी पार्टी (AAP) के सरपंच जर्मल सिंह की हत्या के मामले को लेकर डीजीपी गौरव यादव ने आज यानी 12 जनवरी को प्रेस कॉन्फ्रेंस की. डीजीपी ने बताया कि इस हत्याकांड में कुल 7 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं. इनमें से 2 रायपुर, 2 मोहाली और 3 तरनतारन से गिरफ्तार किए गए हैं.
डीजीपी ने जानकारी दी कि रायपुर से पकड़े गए सुखराज सिंह (निवासी तरनतारन) और कर्मजीत सिंह (निवासी गुरदासपुर) ने ही सरपंच को गोली मारी थी. इसके अलावा जोबनजीत सिंह समेत 2 अन्य आरोपियों को भी काबू किया गया है. सोमवार सुबह पुलिस ने कुलविंदर सिंह किंदा, अरमानदीप सिंह और हरदीप सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया है.
14 दिनों के ट्रांजिट रिमांड पर लिया गया
छत्तीसगढ़ की स्थानीय अदालत में पेश करके दोषियों को 14 दिनों के ट्रांजिट रिमांड पर लिया गया है. उन्हें हवाई जहाज से पंजाब लाया जा रहा है. डीजीपी ने बताया कि यह कत्ल विदेश में बैठे हैंडलर के इशारे पर करवाया गया. गैंगस्टर प्रभ दासूवाल से सरपंच की पुरानी रंजिश बताई जा रही है. डीजीपी ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि अगर कोई पंजाब में गोली चलाएगा तो पंजाब पुलिस उसे देश हो या विदेश—कहीं भी नहीं छोड़ेगी.