हरियाणा में दहेज के लिए विवाहिता से मारपीट, गर्भपात कराने के आरोप में पति और सास पर केस दर्ज

कैथल। दहेज में गाड़ी की मांग पूरी ना होने पर विवाहिता से मारपीट की गई। आरोप है कि पति और सास ने उसका गर्भपात भी करवाया है। मारपीट कर उसे घर से भी निकाल दिया था। चीका थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 23 वर्षीय विवाहिता की शिकायत पर अंबाला निवासी पति शिवम और सास विजयलक्ष्मी के विरुद्ध चीका थाना में केस दर्ज किया गया है।

शिकायत में बताया कि उसकी शादी नवंबर 2025 में शिवम के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद तक तो शिवम व उसकी मां विजयलक्ष्मी ने उसे ठीक-ठाक रखा। कुछ महीने बाद उसके साथ मारपीट करने लगे। आरोपित उससे दहेज में स्विफ्ट गाड़ी और सोने का हार लाने की मांग कर रहे थे। उसका परिवार इतना खर्च करने में सक्षम नहीं था। ऐसे में आरोपितों ने उसे पीट-पीट कर घर से निकाल दिया था। वह अपने मायके में आ गई। आरोप है कि ससुराल में रहते हुए वह गर्भवती हुई तो उसके पति व सास ने मिलकर उसका गर्भपात भी करवा दिया था। इससे वह कई दिनों तक बीमार रही।

चीका थाना की जांच अधिकारी सुदेश ने बताया कि पुलिस ने विवाहिता की शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।

वहीं एक दूसरे मामले में शहर की एक कालोनी निवासी विवाहिता की शिकायत पर पति अजय के विरुद्ध सिविल लाइन थाना में केस दर्ज किया गया है। शिकायत में बताया कि उसकी शादी 2024 में अजय के साथ हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही उसे दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित किया जाने लगा था। सिविल लाइन थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच एचसी कुलदीप कौर को सौंप दी है।