हरियाणा में गैस संकट, एजेंसिंयों के बाहर सिलेंडर के लिए लंबी कतारें

सिरसा/चरखी दादरी/कुरुक्षेत्र: इजराइल-अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध जारी है. युद्ध के कारण देश भर में LPG आपूर्ति की सप्लाई चेन बाधित हुई है. आपूर्ति कम होने के कारण केंद्र सरकार ने पेट्रोलियम कंपनियों के साथ मिलकर घरेलू उपभोक्ताओं को एलपीजी आपूर्ति के लिए कई कदम उठाए गए हैं. सरकार की ओर से लगातार एलपीजी की किल्लत को नकारा जा रहा है. इसी बीच ऑनलाइन गैस बुकिंग में परेशानी, ओटीपी आने में दिक्कत, कुछ जगहों पर होम डिलीवरी बंद होने सहित अन्य कारणों से उपभोक्ताओं को अलग-अलग जिलों में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. लगभग हर जिले में गैस एजेंसियों और गैस गोदामों में उपभोक्ताओं को घंटों लाइन में इंतजार करना पड़ा है.

घरेलू एलपीजी सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग प्रतिबंधितः सिरसा जिले में लोगों का कहना है कि गैस सिलेंडर के लिए उनको काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है. हालांकि जिला प्रशासन द्वारा दावा किया जा रहा है कि सिरसा जिले में गैस सिलिंडर की कोई कमी नहीं है. जिले में पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल, डीजल तथा रसोई गैस उपलब्ध है. इसलिए आमजन को किसी भी तरह की घबराहट या पैनिक की स्थिति में आने की आवश्यकता नहीं है. जिला प्रशासन द्वारा सभी गैस एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं कि घरेलू एलपीजी सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग या किसी अन्य उद्देश्य के लिए प्रयोग नहीं होना चाहिए. इसके अलावा सिलेंडरों की ओवरचार्जिंग और डबल स्टॉकिंग पर भी पूरी तरह प्रतिबंध के लिए विभागीय टीमें निगरानी कर रही है.

चरखी दादरी में गैस उपभोक्ताओं की समस्या
गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत होगी कार्रवाईः सिरसा के जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक हरवीर सिंह का दावा है कि व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने के लिए सभी डीलरों को एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक बनाए रखने के लिए कहा गया है. तेल कंपनियों को प्रतिदिन जिला प्रशासन को स्टॉक और आपूर्ति से संबंधित रिपोर्ट उपलब्ध करवाने के निर्देश भी दिए गए हैं. विभाग के एएफएसओ के नेतृत्व में पांच टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं. यदि कोई असामाजिक तत्व बाजार में कृत्रिम कमी पैदा करने, जमाखोरी या कालाबाजारी करने का प्रयास करता है, तो उसके खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

कुरुक्षेत्र में एलपीजी उपभोक्ताओं की परेशानी
LPG की परेशानी हो तो उपभोक्ता निदेशालय के टोल-फ्री नंबर पर करें कॉलः जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक हरवीर सिंह ने कहा कि नागरिकों से अपील है कि वे एलपीजी का विवेकपूर्ण उपयोग करें. किसी भी प्रकार की शिकायत या समस्या के समाधान के लिए उपभोक्ता निदेशालय के टोल-फ्री नंबर 18001802087 या 18001802405 पर संपर्क कर सकते हैं.

चरखी दादरी में होम डिलीवरी बंद, लाइन में खड़ा होकर सिलेंडर लेना मजबूरीः चरखी दादरी में घरेलू गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी बंद होने से ग्रामीण उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. हालांकि गैस बुकिंग सिस्टम में ओटीपी और ऑनलाइन व्यवस्था में सुधार जरूर हुआ है. बावजूद लोगों को राहत नहीं मिल रही है. हालात ऐसे हैं कि उपभोक्ताओं को सुबह से ही गैस एजेंसी के बाहर बुकिंग और सिलेंडर लेने के लिए लंबी लाइनों में लगना पड़ रहा है. गैस बुकिंग के लिए भी महिलाओं की लंबी लाइनें देखने को मिली. होम डिलीवरी बंद होने के बाद उपभोक्ताओं को खुद गैस एजेंसी के गोदाम तक पहुंचकर सिलेंडर लेना पड़ रहा है. इस समय रबी फसल की कटाई का सीजन चल रहा है, ऐसे में किसानों और ग्रामीण उपभोक्ताओं को खेतों का काम छोड़कर लाइनों में लगना पड़ रहा है.

गैस एजेंसी के बाहर भीड़
पहले की तरह होम डिलीवरी व्यवस्था होः चरखी दादरी में उपभोक्ता सीमा देवी,संदीप और ललिता का कहना है कि बुकिंग सिस्टम में सुधार तो किया गया है, लेकिन जब तक गांवों में पहले की तरह होम डिलीवरी शुरू नहीं होगी तब तक लोगों को राहत नहीं मिलेगी.सरकार से हमारी मांग है कि पहले की तरह गांवों में घरेलू गैस सिलेंडरों की होम डिलीवरी व्यवस्था दोबारा शुरू की जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके.

कुरुक्षेत्र में 7 बजे से कतार में लग जा रहे हैं उपभोक्ताः कुरुक्षेत्र में गैस की किल्लत नहीं होने के प्रशासनिक दावे के बीच लोग सुबह 7 बजे से ही सिलेंडर लेने के लिए लाइन में खड़े हो जाते हैं, लेकिन कई घंटों इंतजार के बाद भी उनका नंबर नहीं आ रहा है. उपभोक्ता नवनीत का कहना है कि उन्होंने गैस की ऑनलाइन बुकिंग कर रखी है, लेकिन इसके बावजूद उन्हें सिलेंडर नहीं मिल रहा है.

सिलेंडर के लिए गैस एजेंसी के बाहर उपभोक्ताओं की भीड़
बिना सिलेंडर लिए गैस डिलीवरी का मिला मैसेजः कुछ लोगों का कहना है कि उन्होंने 5 तारीख को गैस बुक करवाई थी, लेकिन 14 तारीख को उनके फोन पर मैसेज आया कि गैस डिलीवर हो चुकी है. जब वे एजेंसी पर पहुंचे तो उन्हें बताया गया कि पहले लाइन में लगना पड़ेगा, उसके बाद ही सिलेंडर मिलेगा. लोगों का कहना है कि अगर एजेंसी पर ही लाइन में लगकर सिलेंडर लेना है, तो फिर होम डिलीवरी का क्या फायदा.

गैस एजेंसी के बाहर उपभोक्ताओं की भीड़
गलत तरीके से उपभोक्ता के अकाउंट से सिलेंडर बुकः वहीं एक अन्य उपभोक्ता रमेश ने कहा कि उन्होंने साल में केवल पांच सिलेंडर ही लिए हैं. लेकिन जब वह बुक करवा रहे थे तो उनकी बुकिंग नहीं हुई. गैस एजेंसी में जाकर पता किया तो उन्होंने कहा कि आपका 1 साल के 12 गैस सिलेंडर पूरे हो चुके हैं. इसलिए आपका अप्रैल के महीने में ही बुक हो पाएगा. रमेश ने आरोप लगाया है कि मैंने तो केवल साल में पांच सिलेंडर ही लिए हैं. इतने सिलेंडर कैसे मेरे अकाउंट में चढ़ गए. मैं नहीं जानता अब मुझे बिना गैस के परेशानी हो रही है.

गड़बड़ी करने वाले डिलीवरी मैन को निकालाः गैस एजेंसी संचालक नीरज गर्ग का कहना है कि एजेंसी में गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं है. कुछ लोग लंबे समय से सिलेंडर बुक नहीं कर रहे थे, जिसके कारण अब अचानक भीड़ बढ़ गई है. साथ ही ऑनलाइन सिस्टम में थोड़ी तकनीकी दिक्कत आ रही हैं. कुछ डिलीवरी मैन गलत तरीके से सिलेंडर दे रहे थे जिनके चलते उन्हें नौकरी से निकाल दिया गया है.