पंजाब-हरियाणा पुलिस ने मिलकर बड़े इंटरनेशनल ऑपरेशन को अंजाम दिया है. अफ्रीकी देश अंगोला में पंजाब-हरियाणा पुलिस ने मिलकर 2 कुख्यात गैंगस्टर को गिरफ्तार किया है. पंजाब पुलिस और हरियाणा पुलिस ने केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर यह कार्रवाई की है. जिन दो गैंगस्टर को अरेस्ट किया गया है, उनकी पहचान वरिंदर उर्फ जॉबन सैदोक और मनजोत के रूप में हुई है.
सूत्रों ने बताया कि गैंगस्टर वरिंदर पंजाब में 4 सनसनीखेज हत्याओं के मामलों में वांटेड था. वहीं, मनजोत हरियाणा में कई आपराधिक मामलों में वांटेड था. दोनों गैंगस्टर गोपी घनशामपुरिया और डोनी बल गैंग के सक्रिय गुर्गे बताए जा रहे हैं. वरिंदर उर्फ जॉबन सैदोक की गिरफ्तारी पर पंजाब सरकार ने 5 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था.
अब विदेशी धरती पर ऑपरेशन के बाद दोनों को भारत लाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है. इस तरह पंजाब-हरियाणा के गैंगस्टरों पर विदेश में भी पुलिस का शिकंजा कस गया है. पंजाब पुलिस ने दोनों गैंगस्टरों के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी करवा रखा था और लगातार वह इंटरनेशनल एजेंसियों के साथ संपर्क में थी.
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, इस कार्रवाई में केंद्रीय एजेंसियों और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसियों का भी सहयोग लिया गया. पंजाब पुलिस ने पहले ही दोनों आरोपियों के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी कराया था. इसके बाद उनकी लोकेशन का पता लगाया गया और अंगोला की स्थानीय एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर उन्हें गिरफ्तार किया गया.
अब दोनों आरोपियों को भारत लाने के लिए प्रत्यर्पण (एक्सट्राडिशन) की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद उन्हें भारत लाया जाएगा, जहां उनसे कई लंबित मामलों में पूछताछ की जाएगी. पुलिस का मानना है कि इन गिरफ्तारियों से पंजाब और हरियाणा में सक्रिय गैंग नेटवर्क के बारे में अहम जानकारी मिल सकती है. जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने की कोशिश करेंगी कि विदेश में रहते हुए इन गैंगस्टरों को किस तरह आर्थिक और लॉजिस्टिक मदद मिल रही थी.