खुशखबरी! हरियाणा पुलिस में नवंबर में निकलेगी 4000 कॉन्स्टेबल पदों पर भर्ती, अग्निवीरों को मिलेगी छूट

करनाल। 5500 पुलिस कर्मचारियों की भर्ती में हिस्सा नहीं ले पाए हरियाणा के जवानों के लिए खुशखबरी है। ये युवा नवंबर में आने वाली चार हजार पुलिस सिपाही की भर्ती में हिस्सा ले सकेंगे। हरियाणा सरकार ने इस प्रस्ताव को हरी झंडी दे दी है। यह जानकारी डीजीपी अजय सिंघल ने दी।

शनिवार को मुख्यमंत्री के थाना प्रभारियों के साथ प्रस्तावित संवाद कार्यक्रम की तैयारियों का निरीक्षण करने पहुंचे डीजीपी ने शुक्रवार को मधुबन में हरियाणा पुलिस अकादमी में पुलिस शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित किया। पत्रकारों से बात करते हुए डीजीपी ने कहा कि पुलिस में भर्तियां लगातार जारी हैं।

पिछले साल 5500 पदों में 1600 महिलाएं शामिल थीं। अब कर्मचारी चयन आयोग के माध्यम से 5500 पदों पर भर्ती चल रही है। इसके बाद नवंबर में करीब 4 हजार और कर्मचारियों की भर्ती करेंगे। इसमें 20 प्रतिशत आरक्षण अग्निवीरों के लिए रखा गया है।

“अभेद” एप से मिलेगी फिरौती के लिए आ रही कॉल से राहत
इस दौरान डीजीपी सिंघल ने कहा कि गैंगस्टरों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने “अभेद” ऐप लांच किया है। इसके माध्यम से संदिग्ध और अनचाही काल की पहचान कर लोगों को सतर्क किया जा रहा है।

साथ ही साइबर अपराधों पर तेजी से कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए ई-जीरो एफआईआर प्रणाली भी शुरू की गई है। शिकायत मिलते ही तत्काल कार्रवाई शुरू हो सकेगी। अब तक 22 गैंगस्टरों का सफलतापूर्वक प्रत्यर्पण कराया जा चुका है।

नशामुक्ति को बरत रहे सख्ती
डीजीपी ने कहा कि हरियाणा को नशा मुक्त बनाने के लिए एनडीपीएस एक्ट के तहत 150 लोगों को जेल भेजा गया है और 47 आरोपियों की अवैध संपत्ति अटैच की गई है। अवैध रूप से बनाई गई संपत्तियों को ध्वस्त भी किया गया है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा पुलिस नशे पर नियंत्रण के लिए हर स्तर पर कार्रवाई कर रही है और भविष्य में इसे और सख्ती से लागू किया जाएगा। इसी कड़ी में 18 जुलाई को मुख्यमंत्री मधुबन में आकर एसएचओ और मुंशी स्तर तक के अधिकारियों को संबोधित करेंगे।