जींद: जींद जिले के गांव हाट स्थित सींक मोड़ पर शुक्रवार दोपहर दिनदहाड़े हुई फायरिंग की घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है. बाइक पर आए हमलावरों ने 32 वर्षीय गुरुदत्त उर्फ कल्लू पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं. गंभीर रूप से घायल युवक को पहले सफीदों के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसे पानीपत रेफर कर दिया. हालांकि रास्ते में ही उसकी मौत हो गई.
दुकान से कुछ दूरी पर की फायरिंग:प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो गुरुदत्त उर्फ कल्लू गांव हाट का रहने वाला था और घर बनाने के सामान का कारोबार करता था. पुलिस के अनुसार वह रोज की तरह अपनी दुकान पर बैठा था. दोपहर में वह दुकान से कुछ दूरी पर गया, तभी गांव का ही एक युवक अपने दो साथियों के साथ बाइक पर वहां पहुंचा और उस पर कई राउंड फायरिंग कर दी. गोली लगते ही गुरुदत्त लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा, जबकि हमलावर मौके से फरार हो गए.
जांच के लिए मौके पर पहुंची एफएसएल की टीम: इधर, घटना की सूचना मिलते ही सफीदों सदर थाना प्रभारी राजेश कुमार, सिटी थाना प्रभारी राजकुमार सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जींद रैली की ड्यूटी पर तैनात डीएसपी गौरव शर्मा भी घटनास्थल पहुंचे. एफएसएल टीम ने मौके से गोलियों के खाली खोल समेत अन्य जरूरी साक्ष्य जमा किए. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि आरोपियों की गतिविधियों का पता लगाया जा सके.
प्रेम प्रसंग और पुरानी रंजिश दोनों एंगल से जांच कर रही पुलिस: पुलिस की शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग और पुरानी रंजिश से जुड़ा माना जा रहा है. जांच अधिकारी सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए साक्ष्य जुटा रहे हैं. मृतक का भाई सेना में तैनात है और उसके आने के बाद परिवार के बयान दर्ज किए जाएंगे. इन्हीं बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. मृतक के माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी है. मामले में सदर थाना सफीदों प्रभारी राजेश कुमार ने कहा कि, “घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी. प्रारंभिक जांच में मृतक और आरोपी के बीच पुरानी रंजिश की बात सामने आई है. पुलिस प्रेम प्रसंग सहित सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए गहन जांच कर रही है. आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है.”